'1500 नहीं 72 हजार रुपये चाहिएं', तपोवन में हिमाचल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगी महिलाएं; भाजपा का एलान
हिमाचल भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने 19 नवंबर को धर्मशाला में महिलाओं द्वारा कांग्रेस सरकार की 1500 रुपये मासिक गारंटी के खिलाफ बड़े प्रदर्शन की घोषणा की।

हिमाचल प्रदेश भाजपा पदाधिकारी कांगड़ा में बैठक के दौरान। सौ. भाजपा
HighLights
19 नवंबर को धर्मशाला में महिलाओं का बड़ा प्रदर्शन होगा।
कांग्रेस की 1500 रुपये मासिक गारंटी के खिलाफ विरोध।
भाजपा ने सभी 28 लाख महिलाओं के अधिकार मांगे।
जागरण टीम, धर्मशाला। हिमाचल भाजपा की प्रदेश पदाधिकारी बैठक कांगड़ा के उत्सव पैलेस में अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी उपस्थित रहे। डॉ. राजीव बिंदल ने घोषणा की कि 19 नवंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में बड़ी संख्या में महिलाएं प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगी।
उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन कांग्रेस सरकार की महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने की चुनावी गारंटी को लेकर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन का प्रमुख नारा होगा, "1500 नहीं, 72 हजार चाहिए; चुनिंदा बहनें नहीं, सभी 28 लाख बहनों को अधिकार चाहिए।" उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं की इस मांग को प्रमुखता से उठाएगी और सरकार से अपनी चुनावी गारंटी पर जवाब मांगेगी।
संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की सक्रियता तथा बूथ स्तर पर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश में अपने संगठन को और अधिक चुस्त-दुरुस्त तथा सक्रिय बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी मोर्चे एवं प्रकोष्ठ पूरी सक्रियता के साथ संगठनात्मक कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रहे हैं और आने वाले दिनों में प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
भाजयुमो की बैठक पालमपुर में
डॉ. बिंदल ने बताया कि 18 नवंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक पालमपुर में, 19 नवंबर को किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक देहरा में, 20 नवंबर को अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक पालमपुर में तथा 21 नवंबर को महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक ऊना में आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में 22 नवंबर को अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक ज्वालामुखी में होगी।
ये भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल एवं पायल वैद्य, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज तथा विधायक पवन काजल सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सेवादूत अभियान चलेगा
इसके अतिरिक्त 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में सेवादूत अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा जनसंपर्क को व्यापक बनाने का कार्य किया जाएगा।
पोलिंग बूथ पर 51 की टीम
उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्येक पोलिंग बूथ पर 51 कार्यकर्ताओं की सशक्त टीम तैयार करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। संगठन की यही जमीनी शक्ति भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।