'6000 करोड़ लोन भाजपा सरकार के खाते में डाला', ऋण पर CM सुक्खू और जयराम ठाकुर में तकरार
हिमाचल विधानसभा में शीतकालीन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच राज्य के ऋण को लेकर तीखी बहस हुई।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर। जागरण आर्काइव
HighLights
सीएम सुक्खू ने भाजपा पर ऋण बढ़ाने का आरोप लगाया।
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर 6000 करोड़ का ऋण थोपा।
पेखूवेला सोलर परियोजना पर भी सदन में हुई बहस।
राज्य ब्यूरो, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन ऋण लेने के मामले को लेकर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच तीखी तकरार हुई। पूर्व भाजपा सरकार में कितना ऋण लिया गया था इसे लेकर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू हमलावर दिखे। वहीं दूसरी तरफ जयराम ठाकुर ने भी अपनी सरकार के समय की स्थिति साफ करने की कोशिश की और ऋण के आंकड़ों को लेकर अपनी बात रखी।
मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि जब उनकी सरकार बनी थी तो उनको 76730 करोड़ का ऋण विरासत में मिला था। जब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी थी तो उस समय हिमाचल सरकार पर 47 हजार 800 करोड़ का ऋण था। जयराम सरकार ने इस ऋण के आंकड़े को 76730 करोड़ तक पहुंचा दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार ने आर्थिक स्थिति ठीक होने के बावजूद ज्यादा ऋण लिया है, जिससे हिमाचल की स्थिति खराब हुई है।
6 हजार करोड़ पूर्व सरकार के खाते में न डालें
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार 6 हजार करोड़ का ऋण बोझ भी उनके खाते में डाल रही है। दिसंबर महीने में जब कांग्रेस सरकार बनी थी तो उसके बाद उसी वित्त वर्ष में मार्च महीने तक उसने 6 हजार करोड़ का ऋण लिया, जिसे भाजपा के खाते में जोड़ा जा रहा है।
जयराम ने बताया अपना आंकड़ा
उन्होंने कहा कि जब वह सीएम बने तो प्रदेश पर लगभग 48 हजार करोड़ का ऋण था, जोकि पूर्व सरकारों ने लिया था। इसके बाद जब उनकी सरकार गई तो प्रदेश पर 69600 करोड़ का ऋण था। इसके बाद कांग्रेस सरकार ने 6 हजार करोड़ का ऋण लेकर उसे भाजपा के खाते में दिखा दिया।
सबसे कम दर पर ऋण लिया
जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी सरकार ने अपने कार्यकाल में सबसे कम दर पर ऋण लिया था। मगर यह इतिहास में दर्ज होगा कि एक लाख करोड़ से ऊपर का ऋण पहुंचाने वाले सीएम कौन था। काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष के बीच तकरार व नोकझोंक हुई।
पेखूवेला सोलर परियोजना पर बवाल
पेखूवेला सोलर परियोजना को लेकर लगाए गए आरोपों पर सीएम ने कहा कि पहले ही वह सदन के भीतर पूरे दस्तावेज रख चुके हैं। सीबीआई मामले की जांच कर रही है, कोई भ्रष्टाचार सामने आएगा तो भ्रष्टाचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पेखूवेला को लेकर विपक्ष बार-बार सनसनी फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि स्क्रैप को लेकर भ्रष्टाचार और तबादलों में घोटाले के आरोप तथ्यहीन हैं। यदि भाजपा विधायक के पास कोई तथ्य हैं तो बताएं। यह भी बताएं कि कौन नेता ट्रांसफर में पैसा खा रहा है या किसके तबादले किए गए हैं। बिना तथ्यों के इस तरह के आरोप स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
सुक्खू व जयराम में तकरार से चर्चा प्रभावित
चर्चा के बीच में सीएम सुक्खू के जवाब और फिर जयराम ठाकुर का पलटवार देख नियम 67 की चर्चा प्रभावित हुई, जिससे विपक्ष के विधायक नाराज थे। ऐसे में उन्होंने हंगामा खड़ा करने की कोशिश की और विधायक खड़े हो गए। माहौल गर्माता देख अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने हस्तक्षेप किया तो मामला शांत हुआ और सदन में काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा आगे बढ़ी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।