शिमला के मां द्रोटेश्वरी मंदिर में बदली 150 साल पुरानी परंपरा, पहली बार प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ में बलि प्रथा प्रतिबंधित
हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित प्राचीन मां द्रोटेश्वरी मंदिर में 150 साल पुरानी बलि प्रथा को दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के दौरान समाप्त कर दिया गया।

द्रोटेश्वरी माता के पिंडी दर्शन और मंदिर।
HighLights
शिमला के मां द्रोटेश्वरी मंदिर में 150 साल पुरानी बलि प्रथा समाप्त।
दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के साथ हुआ भव्य समापन।
मंदिर समिति ने भविष्य में बलि प्रथा पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया।
दशमी रावत, रोहड़ू (शिमला)। हिमाचल प्रदेश में जिला शिमला के प्राचीन मां द्रोटेश्वरी मंदिर में 150 साल पुराना इतिहास बदल गया। रोहडू उपमंडल के नावर क्षेत्र के दरोटी गांव में आयोजित दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ शनिवार को शिखा पूजन के साथ संपन्न हो गया। गांव में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित मंदिर मां द्रोटेश्वरी का प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ भव्य तरीके से हुआ।
द्रोटेश्वरी मंदिर कमेटी दरोटी के कारदार राजेश रांटा ने बताया कि शिखा पूजन की रस्म शनिवार को सुबह 9 बजे मंत्रोच्चारण व पूजा पाठ एवं विधि विधान के साथ संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय प्राण प्रतिष्टा यज्ञ के दौरान 150 साल बाद बलि प्रथा बंद की गई और मंदिर कमेटी की ओर से आने वाले समय में धार्मिक आयोजन में बलि प्रथा पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।
भव्य देव मिलन हुआ
प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के पहले दिन देवता नारायण व मां द्रोटेश्वरी के साथ आए हुए यात्रू भाई का भव्य मिलन हुआ। उल्लेखनीय है कि माँ द्रोटेश्वरी के साथ दरोटी गांव से पहली नवंबर को 25 यात्रू भाई हरिद्वार गए हुए थे और वे 19 नवंबर को मां द्रोटेश्वरी के साथ वापस दरोटी गांव पहुंचे।
हजारों श्रद्धालु हुए नतमस्तक
वहीं यज्ञ के दौरान शुक्रवार को पहले दिन 5 हजार के करीब एवं दूसरे दिन शिखा पूजन के दिन 4 हजार के करीब श्रद्धालु शामिल हुए। मां द्रोटेश्वरी का प्रकट स्थान नगरकोट वर्तमान कांगड़ा है। यह धार्मिक आयोजन सात्विक रहा है।