1471 श्रमिकों को बांटे 578 करोड़, रामपुर में CM सुक्खू का बड़ा कदम, शिक्षा और शादी के लिए मिली बड़ी मदद
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के 1,471 पंजीकृत श्रमिकों और उनके आश्रितों को 5.78 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की।
-1791090823284_m.webp)
हिमाचल में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाया जा रहा।
HighLights
मुख्यमंत्री सुक्खू ने 1,471 श्रमिकों को 5.78 करोड़ रुपये बांटे
शिक्षा सहायता योजना में 968 लाभार्थियों को 2.74 करोड़ रुपये मिले
विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाया जा रहा
संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रामपुर के नोगली में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से प्रदेश के 1,471 पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को 5,78,81,725 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की।
यह सहायता राशि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत दी गई। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि श्रमिकों और उनके आश्रितों के लिए लागू की जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक सुगम एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
विवाह और शिक्षा के लिए दी वित्तीय सहायता
मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत विधवा, एकल, निराश्रित एवं दिव्यांग महिलाओं को घर निर्माण के लिए 45.95 लाख रुपये की सहायता दी। वित्तीय सहायता का बड़ा हिस्सा पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा और विवाह के लिए प्रदान किया।
शिक्षा सहायता योजना के तहत 968 लाभार्थियों को 2,74,04,500, जबकि विवाह सहायता योजना के तहत 359 लाभार्थियों को 1,83,09,000 रुपये की सहायता प्रदान की।
जरूरतमंदों को दी सहायता राशि
दुर्घटना मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता के 21 मामलों में 54,20,000, मातृत्व एवं पितृत्व लाभ के 30 मामलों में 7,14,000, बालिका जन्म उपहार योजना के तहत 15 बालिकाओं के परिवारों को 7,65,000, मानसिक दिव्यांग आश्रितों के लिए 10 लाभार्थियों को 2,15,000 तथा दिव्यांग पेंशन के तहत एक लाभार्थी को 25,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई।
हमीरपुर में 225 लाभार्थियों को 76,74,400, चंबा में 164 को 70,54,800, सिरमौर में 140 को 51,80,600, मंडी में 171 को 64,80,883 तथा किन्नौर में 126 लाभार्थियों को 48,39,388 रुपये की सहायता प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत दी गई सहायता
कांगड़ा में 270 लाभार्थियों को 1,02,07,200, शिमला में 88 को 45,58,253, बिलासपुर में 104 को 32,98,800, ऊना में 72 को 33,93,400, सोलन में 63 को 30,51,000 तथा कुल्लू में 48 लाभार्थियों को 21,43,001 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत 15 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की। सुख आश्रय योजना के तहत तीन लाभार्थियों को गृह निर्माण के लिए तीन-तीन लाख तथा एक लाभार्थी को एक लाख रुपये की किस्त प्रदान की गई।
एक अन्य लाभार्थी को 16 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस मौके पर सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल, अध्यक्ष हिमकोन विकेश चौहान, पूर्व विधायक किशोरी लाल, अध्यक्ष मिल्कफेड बुद्धि सिंह ठाकुर, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, कांग्रेस के उपाध्यक्ष परस राम, बृजलाल, मंडल अध्यक्ष लालचंद शर्मा उपस्थित रहे।
