'2027 में सत्ता का सपना भूल जाए भाजपा', CM सुक्खू का काजा में विपक्ष पर हमला; बोले- लंबी पारी खेलने की आदत
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने काजा दौरे पर भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा पांच गुटों में ...और पढ़ें

काजा में सभा को संबोधित करते सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू।
HighLights
CM सुक्खू ने काजा में भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
भाजपा को पांच गुटों में बंटा बताया, 2027 में सत्ता का सपना भूला।
विधायकों की खरीद-फरोख्त और वोट चोरी का आरोप लगाया।
जसवंत ठाकुर, काजा। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को हिमाचल के शीत मरुस्थल लाहुल-स्पीति के काजा दौरे पर पहुंचे। सीएम ने सभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा आज पांच गुटों में बंट चुकी है और आपस में ही लड़ रही है, ऐसे में भाजपा 2027 में सरकार बनाने का सपना देखना भूल जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोधी उनके कार्यकाल को लेकर अफवाहें फैला रहे हैं, लेकिन उन्हें लंबी पारी खेलने की आदत है। उन्होंने कहा कि मैं जिस भी कुर्सी पर रहा हूं, लंबे समय तक रहा हूं। जनता के आशीर्वाद से आगे भी लंबी पारी खेलूंगा।
विधायकों की खरीद फरोख्त के बाद अब वोट चोरी
भाजपा की कार्यशैली पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पहले एमएलए खरीदकर सरकारें गिराने और बनाने का घिनौना काम करती थी, अब वोट चोरी करने में लगी है। देश के कई राज्यों में उन्होंने इसी फॉर्मूले से सरकारें बनाईं।
हिमाचल में भी किए प्रयास
हिमाचल में भी इन्होंने यही खेलने की कोशिश की, लेकिन इन्हें अंदाजा नहीं था कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार अकेली नहीं है, उसके साथ प्रदेश की देवतुल्य जनता खड़ी है। उन्होंने कहा कि यह देवी-देवताओं के आशीर्वाद और जनता के विश्वास का ही परिणाम है कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की लाख कोशिशों के बावजूद कांग्रेस सरकार न केवल सत्ता में टिकी हुई है, बल्कि मजबूती से काम कर रही है।
हिमाचल के हक में कटौती
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र द्वारा हिमाचल के हक के पैसे में लगातार कटौती की जा रही है, बावजूद इसके प्रदेश सरकार अपने संसाधनों से प्रदेश का चहुंमुखी विकास कर रही है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास के कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जो वादे किए थे, उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है और आगे भी जनता के हित में काम जारी रहेगा।
विधायक की तारीफ
सीएम सुक्खू ने लाहुल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा के कार्यों की सराहना की। उन्होंने जनता से 2027 में अनुराधा को जिताने की बात कही।
यह भी पढ़ें: CM सुक्खू हिमाचल के शीत मरुस्थल काजा पहुंचे, 1 से 2 डिग्री तक तापमान; 12000 फीट की ऊंचाई पर जानेंगे जनसमस्याएं
