CM सुक्खू शिमला में तय कार्यक्रम छोड़कर दिल्ली रवाना, अचानक सुबह शेड्यूल में हुआ बदलाव
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए शिमला से अचानक रवाना हुए।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव
HighLights
मुख्यमंत्री सुक्खू राहुल गांधी के समर्थन में दिल्ली प्रदर्शन में शामिल होंगे।
शिमला में वन्यजीव सप्ताह का कार्यक्रम छोड़कर अचानक दिल्ली रवाना हुए।
दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की संभावना जताई जा रही है।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू वीरवार सुबह अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो गए। पार्टी सूत्रों के अनुसार वह राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में दिल्ली में कांग्रेस की ओर से आयोजित प्रदर्शन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का शिमला में वन विभाग के वन्यजीव सप्ताह के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम था, लेकिन सुबह ही इसमें बदलाव कर दिया गया।
शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात संभव
पार्टी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से भी मुलाकात कर सकते हैं। राहुल गांधी को हिरासत में लेने के मुद्दे पर कांग्रेस ने देशभर में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस भी प्रदेश में आंदोलन शुरू कर चुकी है।
शिमला में लोकभवन के बाहर किया था प्रदर्शन
बुधवार को कांग्रेस ने शिमला में लोकभवन के बाहर धरना-प्रदर्शन किया था। मुख्यमंत्री सुक्खू की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा था। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई मांग की गई।
आज जिलास्तर पर प्रदर्शन
अब वीरवार को कांग्रेस जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेगी। प्रदेश कांग्रेस के सभी जिला संगठनों को प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल विशेष रूप से ऊना पहुंचकर वहां होने वाले प्रदर्शन में शामिल होंगी। पार्टी ने जिला स्तर के प्रदर्शनों के जरिये राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध को आगे बढ़ाने की तैयारी की है।
