CM सुक्खू ने छात्रा की मांग पर स्कूल भवन के लिए दिए दो करोड़ रुपये, रामपुर बुशहर में बच्चों से संवाद किया
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रामपुर बुशहर में छात्रों से संवाद किया, जहाँ उन्होंने शिक्षा और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा ...और पढ़ें

रामपुर बुशहर में बच्चों से संवाद करते मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू।
HighLights
मुख्यमंत्री सुक्खू ने रामपुर बुशहर में छात्रों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
रचोली स्कूल भवन निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये की घोषणा की।
नशा विरोधी रैली को हरी झंडी दिखाकर छात्रों को शपथ दिलाई।
संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर (शिमला)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर बुशहर में विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, पर्यटन, सामाजिक समानता, शिक्षकों की गैर शैक्षणिक ड्यूटी, नशे और विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं पर मुख्यमंत्री से सवाल किए और मांगें रखीं।
संवाद के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रचोली की एक छात्रा ने स्कूल भवन निर्माण की मांग उठाई। उसने बताया कि विद्यालय वर्तमान में दो स्थानों पर संचालित हो रहा है और एक स्थान पर भवन निर्माण के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री ने भवन निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की। कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
अमीर-गरीब की खाई का मुद्दा उठाया
विद्यार्थियों ने समाज में बढ़ती अमीर-गरीब की खाई का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में समानता जरूरी है और सरकार इस दिशा में प्रयास कर रही है। एक छात्रा ने पूछा कि उन्होंने राजनीति को देशसेवा का माध्यम क्यों चुना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति को रुचि के क्षेत्र में कार्य करना चाहिए और उन्होंने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की सलाह दी। पसंदीदा भोजन पूछे जाने पर उन्होंने हिमाचली व्यंजन सिड्डू का उल्लेख किया।
विद्यार्थियों ने रामपुर में सेंटर आफ एक्सीलेंस स्थापित करने तथा स्कूलों में शिक्षकों की गैरशैक्षणिक ड्यूटी कम करने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के प्रयासों की जानकारी दी। एक छात्रा ने स्कूल में हिंदी के केवल एक शिक्षक होने की समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने आवश्यकता के अनुसार, अतिरिक्त शिक्षक उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
एक्सपोजर विजिट का अनुभव साझा किया
अयोध्या जी एक्सपोजर विजिट का अनुभव साझा करते हुए एक छात्रा ने पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों के बारे में पूछा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का कम इस्तेमाल करने और पढ़ाई के साथ खेल व रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने की सलाह दी।
एंटी चिट्टा रैली को दिखाई हरी झंडी
संवाद कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने एंटी चिट्टा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी इसमें शामिल हुए। विद्यार्थियों ने नशा विरोधी संदेशों के साथ रैली निकाली। चौधरी अड्डा और मुख्य बाजार से होते हुए रैली स्कूल मैदान में संपन्न हुई। समापन पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई। इस मौके पर महाधिवक्ता अनूप रत्न, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी उपस्थित रहे।
