विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राष्ट्रपति का मनाली दौरा: पर्यटकों के लिए रहेंगी पाबंदियां, अटल टनल के बजाय इन पर्यटन स्थलों की कर सकेंगे सैर

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 04 Oct 2026 11:55 AM (IST)Updated: Sun, 04 Oct 2026 12:08 PM (IST)

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 6 से 8 अक्टूबर तक हिमाचल प्रदेश के मनाली दौरे पर रहेंगी, जिसके चलते पर्यटकों के लिए कुछ पाबंदियां लगाई गई हैं। इस दौरान मनाली, अटल टनल और हिडिंबा मंदिर के आसपास यातायात नियंत्रित रहेगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मनाली दौरे के दौरान अटल टनल रोहतांग जाएंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मनाली दौरे के दौरान अटल टनल रोहतांग जाएंगी।

HighLights

  1. राष्ट्रपति मुर्मु 6 से 8 अक्टूबर तक मनाली दौरे पर रहेंगी।

  2. मनाली, अटल टनल, हिडिंबा मंदिर के आसपास यातायात नियंत्रित रहेगा।

  3. पर्यटक दारचा, नग्गर, कसोल जैसे वैकल्पिक स्थलों पर जा सकेंगे।

जागरण संवाददाता, मनाली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 6 से 8 अक्टूबर तक हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगी। छह को बिलासपुर एम्स में जाने के बाद राष्ट्रपति शाम को मनाली पहुंचेंगी। इस दौरान पर्यटकों के लिए कुछ पाबंदियां रहेंगी। राष्ट्रपति मनाली के अलावा अटल टनल रोहतांग और माता हिडिंबा मंदिर का दौरा करेंगी। सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए तीन दिनों के दौरान विभिन्न स्थानों पर नाके और बैरिकेडिंग की जाएगी।

उपायुक्त कुल्लू अमित कुमार शर्मा ने बताया कि राष्ट्रपति के मनाली दौरे को लेकर जिला प्रशासन कुल्लू ने ट्रैफिक एडवायजरी एवं प्लान जारी किया है। 

उन्होंने कहा कि सुबह 11:30 बजे एनजीटी बैरियर पर मनाली की ओर जाने वाले ट्रकों और भारी वाहनों को रोका जाएगा। दोपहर 12:15 बजे सासे मेन गेट के ऊपरी हिस्से पर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। शाम आठ बजे से मनाली से लाहुल-स्पीति और लाहुल-स्पीति से मनाली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को आलू ग्राउंड होकर चलाया जाएगा। यह डायवर्जन 7 अक्टूबर को दोपहर एक बजे तक लागू रहेगा।

सुबह रोक दिए जाएंगे वाहन

7 अक्टूबर को सुबह 6:30 बजे सिस्सू अटल टनल नॉर्थ पोर्टल ब्रिज पर वाहनों को नियंत्रित किया जाएगा। लाहुल-स्पीति से मनाली आने वाले वाहनों को केवल रोहतांग पास से आने की अनुमति होगी। सुबह सात बजे एनजीटी बैरियर पर लाहुल-स्पीति की ओर जाने वाले ट्रकों और भारी वाहनों को रोका जाएगा।

सुबह आठ बजे लॉग हट चौक, मनालसू कर्व, मुख्य चौक-राम बाग, मिशन अस्पताल, ओल्ड ब्रिज, भूतनाथ चौक, वशिष्ठ रोड, नेहरू कुंड ब्रिज, पलचान ब्रिज और पलचान चौक-रोहतांग रोड समेत कई स्थानों पर नाके सक्रिय किए जाएंगे।

काफिले के आने के दौरान बंद रहेगा ट्रैफिक

राष्ट्रपति के अटल टनल दौरे के दौरान काफिला पलचान की ओर से गुजरने के बाद करीब पांच मिनट में सामान्य यातायात बहाल किया जाएगा। वापसी के दौरान भी काफिले के गुजरने तक संबंधित मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा। 

दो घंटे रहेगा यातायात प्रतिबंध

7 अक्टूबर को शाम 3 से 5 बजे तक राष्ट्रपति माता हिडिंबा मंदिर जाएंगी। इस दौरान राम बाग चौक, घटोत्कच चौक, मनालसू और लॉग हट चौक पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा। काफिला लौटने के बाद वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। इन मार्गों पर यातायात प्रतिबंध शाम पांच बजे तक लागू रहेगा।

8 को भी रोका जाएगा ट्रैफिक

राष्ट्रपति 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सर्किट हाउस मनाली से सासे हेलीपैड के लिए रवाना होंगी। सुबह सात बजे एनजीटी बैरियर पर ट्रकों और भारी वाहनों को रोक दिया जाएगा। पलचान और अटल टनल नाकों पर भी भारी वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। 
सुबह नौ बजे लॉग हट चौक, मनालसू कर्व, मुख्य चौक-राम बाग, मिशन अस्पताल, न्यू ब्रिज, ओल्ड ब्रिज, भूतनाथ चौक, वशिष्ठ रोड और सासे मेन गेट के ऊपरी हिस्से पर बैरिकेडिंग की जाएगी। काफिले के मार्ग में आने वाले वाहनों को हटाया या रोका जाएगा।

9 सेक्टर में बांटा मनाली 

एसपी अभिषेक एस ने कहा कि मनाली को नौ सेक्टर में बांटा गया है। उन्होंने बताया कि 600 पुलिस कर्मी तैनात किए है। जगह जगह पुलिस जवान तैनात किए है ओर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। उन्होंने लोगों और वाहन चालकों से ट्रैफिक प्लान का पालन करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

सात अक्टूबर को यहां घूमे सकते हैं पर्यटक

सात अक्टूबर को पर्यटक दारचा जिसपा सहित शिंकुला, बारालाचा, चंद्रताल, कुंजम व काजा घूम सकते हैं। कुल्लू जिला में पर्यटक सात अक्टूबर को नग्गर, कुल्लू, भुंतर, कसोल, मणिकर्ण, तोष, बंजार, सोझा व जलोड़ी पास जैसे पर्यटन स्थलों में घूम सकते हैं। आठ अक्टूबर को राष्ट्रपति की वापसी के बाद 11 बजे कुल्लू से सभी पर्यटन स्थल  पर्यटकों के लिए बहाल हो जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें: Himachal Weather 4th October: हिमाचल में फिर सक्रिय होगा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, बारिश-बर्फबारी से गिरेगा तापमान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।