Himachal Election 2022: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में पार्टी की पहली जीत- सीएम भूपेश बघेल
कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हिमाचल प्रदेश में मिली इस बड़ी जीत को शिमला की जनता और कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं की जीत बताया। बघेल ने कहा सभी ने कड़ी मेहनत की।
शिमला, एएनआई। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस 40 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है। बता दें प्रदेश में 12 नवंबर को एक ही चरण में मतदान हुआ था। कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी की यह जीत मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में पार्टी अध्यक्ष के रूप में पहली जीत है।
सीएम भूपेश बघेल ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की सराहना
सीएम भूपेश बघेल ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कांग्रेस नेता और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की भी सराहना की और राज्य में पार्टी की जीत हासिल करने के लिए उनके अभियान को श्रेय दिया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में मिली इस बड़ी जीत को शिमला की जनता और कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं की जीत बताया। बघेल ने कहा, 'सभी ने कड़ी मेहनत की। प्रियंका गांधी वाड्रा ने सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और हमें सोनिया जी और राहुल गांधी जी का भी आशीर्वाद मिला।'
शिमला पहुंचे सीएम भूपेश बघेल
सीएम बघेल हिमाचल कांग्रेस विधायक दल की बैठक में भाग लेने के लिए शुक्रवार दोपहर शिमला पहुंचे। बता दें कि यह बैठक पहाड़ी राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित की जा रही है। प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के चेहरे के बारे में पूछे जाने पर बघेल ने कहा कि पार्टी आलाकमान तय करेगा कि हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन होगा।
उन्होंने कहा, 'किसी को नजरअंदाज करने का कोई मतलब नहीं है। हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है। हम यहां पार्टी विधायकों के साथ बैठक करने आए हैं, और इसमें कोई कठिनाई नहीं होनी चाहिए। पार्टी आलाकमान मुख्यमंत्री के फैसले पर अंतिम फैसला करेगा।'