विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 09, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री के चेहरे पर उलझ गई कांग्रेस, हाईकमान करेगा अंतिम फैसला

By AgencyEdited By: Devshanker Chovdhary
Published: Fri, 09 Dec 2022 03:38 PM (IST)Updated: Sat, 10 Dec 2022 06:41 AM (IST)

कांग्रेस मुख्यालय में चल रही विधायक दल की बैठक खत्म हो गई है। बैठक में प्रस्ताव पास किया गया कि सीएम का नाम कांग्रेस आलाकमान तय करेंगे। राजीव शुक्ला ने कहा कि सभी ने सर्वसम्मति से राज्य का मुख्यमंत्री चुनने का फैसला पार्टी आलाकमान पर छोड़ने का प्रस्ताव पारित किया।

'वोटिंग से तय होगा सीएम का नाम' कांग्रेस में घमासान के बीच बोले पार्टी प्रभारी राजीव शुक्ला
'वोटिंग से तय होगा सीएम का नाम' कांग्रेस में घमासान के बीच बोले पार्टी प्रभारी राजीव शुक्ला

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत पाने के बाद भी कांग्रेस मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर उलझ गई है। शुक्रवार को दिन में तीन बार टलने के बाद रात आठ बजे हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में हाईकमान को मुख्यमंत्री चेहरे का निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया। इससे पहले दिनभर राजनीतिक घटनाक्रम गरमाया रहा।

कांग्रेस आलाकमान लेंगे फैसला

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे चल रहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। दोनों दिन में अलग-अलग बैठकें कर रणनीति बनाते रहे। पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में विधायक दल की बैठक में सभी की राय जानी गई। एक पंक्ति का प्रस्ताव पारित कर हाईकमान को मुख्यमंत्री चयन के लिए अधिकृत किया गया है।

आलाकमान को सौंपा जाएगा रिपोर्ट

इसके बाद प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल, पर्यवेक्षक व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बंद कमरे में सभी विधायकों को एक-एक कर राय जानी। पर्यवेक्षक इसकी रिपोर्ट हाईकमान को सौंपेंगे। सूत्रों के मुताबिक कुछ विधायकों ने पर्यवेक्षकों से पहले ही मुलाकात कर राय दे दी थी। रविवार या सोमवार तक अंतिम फैसला ले लिया जाएगा। दोनों धड़ों को शांत करने के लिए मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री भी बनाया जा सकता है।

विधायकों को दिल्ली जाने की जरूरत नहीं

रात 10 बजे पत्रकारों से बातचीत में शुक्ल ने बताया कि बैठक में किसी भी नाम पर चर्चा नहीं हुई। कहा कि मतदान वहां होता है जहां विवाद होता है। लेकिन कांग्रेस में सीएम चेहरे को लेकर कोई विवाद नहीं है। बैठक में मुकेश अग्निहोत्री ने हाईकमान को अधिकृत करने का प्रस्ताव रखा, जिसका सुक्खू ने समर्थन किया। सभी ने कहा कि हाईकमान जो भी निर्णय लेगा, उस पर अमल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हिमाचल के विधायकों को दिल्ली जाने की जरूरत नहीं है, न ही उन्हें वहां बुलाया गया है। कोई भी किसी के लिए लाबिंग नहीं कर रहा है। दिन में राज्यपाल से औपचारिक भेंट थी। उन्हें बताया गया कि कांग्रेस को बहुमत मिला है। पार्टी विधायक दल के नेता को चुनकर अवगत करा दिया जाएगा। विधायक दल की बैठक के लिए पहुंचे सुक्खू, मुकेश, अनिरुद्ध व विक्रमादित्य सिंह को समर्थक कंधों पर उठाकर लाए।

कांग्रेस विधायक दल की बैठक

बता दें कि शिमला में पार्टी कार्यालय में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह सहित अन्य मौजूदा विधायक शामिल हुए। 

प्रतिभा सिंह को सीएम बनाने की मांग

इससे पहले प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने उन्हें सीएम बनाने की मांग की। प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने 'हिमाचल का सीएम कैसा हो, प्रतिभा सिंह जैसी हो' नारे लगाए। वहीं, इससे पहले ओबराय सीसल होटल के बाहर, जहां सभी विधायक ठहरे हुए हैं, राज्य कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने भूपेश बघेल की कार को घेर लिया। प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने भूपेश बघेल की कार को घेरकर राज्य कांग्रेस प्रमुख के समर्थन में नारे लगाए।

ये भी पढ़ें: Fact Check: FIFA वर्ल्ड कप में ब्राजील का समर्थन करती नजर आ रही है शेख हसीना वाजेद की यह तस्वीर फेक है

ये भी पढ़ें: हाइब्रिड आतंकीः कश्मीर में आतंक फैलाने का पाकिस्तान का नया तरीका, जानिए कैसे काम करते हैं ये

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।