अपने ही निशाने पर कांग्रेस, दुष्प्रचार करने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने वरिष्ठ नेताओंं पर दुष्प्रचार करने का आराेप लगाते हुए सोनिया गांधी को इसकी शिकायत की है।
शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के निशाने पर भाजपा और उसकी सरकार नहीं, अपने ही लोग हैं। कांग्रेस के कई कोनों से आ रही आवाजें समूहगान नहीं बन पा रही हैं। भाजपा अभी पत्र बम से जूझ ही रही है कि कांग्रेस से भी कुछ पत्रों ने दिल्ली की राह ले ली है। ताजा घटनाक्रम में कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से शिकायत की है कि कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेता उनके खिलाफ दुष्प्रचार में लगे हुए हैं। उनके भाजपा में जाने का झूठा प्रचार करवाया गया जबकि उनका परिवार पुश्तों से कांग्रेस में सच्चे सिपाही की तरह काम कर रहा है। इस मामले को लेकर दिल्ली में डटे सुधीर शर्मा ने सोनिया गांधी को लिखे पत्र में दुष्प्रचार करने वाले कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सुधीर दिल्ली में ही हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कुछ नेताओं के नामों का खुलासा भी किया है। अभी तक इन नेताओं के नाम सार्वजनिक नहीं किए है। नामों का खुलासा होने के बाद कांग्रेस में राजनीतिक भूचाल के आसार लग रहे हैं।
इस बीच, धर्मशाला और पच्छाद के उपचुनाव के बाद कांग्रेस में कुछ पत्रों का असर दिख सकता है। आलाकमान के पास लिखित शिकायती पत्रों के पहुंचने के कारण बिसात पर चेहरे बदलने की बात भी कही जा रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक व पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर भी चमक सकते हैं। सूत्र कुछ दिन पहले होलीलॉज में हुई बैठक का हवाला भी दे रहे हैं।
विरोधी गुट ने सोनिया और राहुल के पास रिपोर्ट कार्ड पहुंचाया है। इसमें लोकसभा चुनाव के दौरान हेलीकॉप्टर के दुरुपयोग सहित बूथ स्तर पर कांग्रेस मजबूत न होने का मसला उठाया है। हालांकि कांग्रेस के तमाम बड़े नेता तत्काल किसी ऐसे कदम से इन्कार करते हैं।
पेट्रोल और डीजल का मिला विकल्प, अब सस्ते में सरपट दौड़ेंगे वाहन