नवरात्र का शुभ मुहूर्त: एक घंटे में बिक गई 100 गाड़ियां, हिमाचल में 10000 वाहन बिकने का अनुमान; टैक्स में भी राहत
शारदीय नवरात्र के पहले दिन मंडी के गुटकर में ऑटोमोबाइल बाजार में जबरदस्त उछाल देखा गया, सुबह 9 बजे तक 100 से अधिक वाहन बिके।

मंडी के गुटकर में पहले शारदीय नवरात्र पर सुबह ही कार खरीदने पहुंचा परिवार। जागरण
HighLights
नवरात्र के पहले दिन मंडी में 100 से अधिक वाहन बिके।
जीएसटी कटौती से ऑटोमोबाइल बाजार में बिक्री में भारी उछाल।
हिमाचल में नौ दिनों में 10,000 गाड़ियों की बिक्री का अनुमान।
जागरण संवाददाता, मंडी। शारदीय नवरात्र के पहले दिन ऑटोमोबाइल नगरी गुटकर मंडी में वाहन बाजार की रौनक देखते ही बन रही थी। सुबह की पहली किरण के साथ ही शोरूम में ग्राहकों की चहल-पहल शुरू हो गई और देखते ही देखते सुबह नौ बजे तक ही 100 से अधिक छोटी-बड़ी गाड़ियां बिक गईं। त्योहारी सीजन के इस पावन अवसर पर नया वाहन घर लाने के लिए सुबह आठ बजे से ही लोग अपने बच्चों और परिवार के साथ शोरूम पहुंच गए थे।
जीएसटी दरों में कटौती से चमका बाजार
इस बार बाजार में गाड़ियों की बंपर मांग के पीछे मुख्य वजह हाल ही में जीएसटी दरों में हुई कटौती को माना जा रहा है। छोटी गाड़ी का जीएसटी 28 से घटाकर 18 और बड़ी का 48 से 40 प्रतिशत किया गया है। टैक्स में राहत मिलने के कारण ग्राहकों में खासा उत्साह है। खास तौर पर लग्जरी गाड़ियों की मांग में सबसे अधिक उछाल देखने को मिली है।
शुभ मुहूर्त भी वजह
नवरात्र के पहले ही दिन ग्राहकों ने पूजा-अर्चना के बाद चाबियां संभालीं और अपने सपनों का वाहन घर ले गए। नवरात्र में शुभ मुहूर्त होने के कारण गाड़ियों की भारी डिमांड है।
नौ दिनों में 10,000 गाड़ियों की बिक्री का अनुमान
ऑटोमोबाइल कारोबारियों का मानना है कि नवरात्र के यह नौ दिन बाजार के लिए बेहद शानदार साबित होने वाले हैं। पूरे प्रदेशभर में इस त्योहारी सीजन के दौरान करीब 10,000 नई गाड़ियां बिकने की संभावना जताई जा रही है।
एडवांस बुकिंग
पिछले कुछ महीनों की सुस्ती के बाद बाजार में अचानक लौटी इस तेजी से डीलरों और शोरूम मालिकों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है। एडवांस बुकिंग पहले ही फुल चल रही थी और अब डिलीवरी का सिलसिला जोर पकड़ चुका है।
जीएसटी में कटौती का सीधा फायदा ग्राहकों को मिल रहा है, जिसके चलते इस बार नवरात्र के पहले ही दिन उम्मीद से कहीं अधिक बेहतरीन रिस्पांस मिला है। सुबह नौ बजे तक हुंडई की 30 से ज्यादा गाड़ियां बिक गईं। लग्जरी गाड़ियों के प्रति लोगों का खास क्रेज है। हमें पूरी उम्मीद है कि आगामी नौ दिनों में यह आंकड़ा और ऊंचे स्तर पर पहुंचेगा। पूरी ऑटोमोबाइल नगरी में 100 के करीब वाहनों की ब्रिकी हुई है।
-संदीप शर्मा, महाप्रबंधक, देवभूमि मोटर्स ग्रुप, गुटकर मंडी।
