हिमाचल पटवारी भर्ती परीक्षा में नकल: सेंटर में अभ्यर्थी के पास कैसे पहुंचा मोबाइल? स्टाफ की भूमिका पर भी सवाल
मंडी में पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान एक महिला अभ्यर्थी के पास मोबाइल फोन मिलने से नकल का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मंडी में पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी नकल करती पकड़ी गई। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
पटवारी परीक्षा में महिला अभ्यर्थी के पास मोबाइल फोन मिला।
परीक्षा केंद्र स्टाफ की भूमिका पर गंभीर सवाल उठे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, मंडी। राज्य चयन आयोग हमीरपुर की ओर से मंगलवार को आयोजित की गई पटवारी भर्ती परीक्षा (पोस्ट कोड-25027) में नकल व अनुचित साधनों के इस्तेमाल के मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला मंडी के नेरचौक स्थित विजय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट परीक्षा केंद्र में दूसरी शिफ्ट के दौरान एक महिला अभ्यर्थी के पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ। इस संबंध शिकायत पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आखिर परीक्षा केंद्र के अंदर अभ्यर्थी के पास मोबाइल फोन कैसे पहुंच गया। इस पूरे प्रकरण में स्टाफ की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। सारी परतें जांच के बाद ही खुल पाएंगी।
गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं
मंगलवार को परीक्षा के द्वितीय सत्र के दौरान केंद्र में तैनात पर्यवेक्षकों और प्रबंधन को अभ्यर्थी राजिका निवासी सरकाघाट की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। संदेह गहराने पर परीक्षा केंद्र प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की। फुटेज खंगालने पर स्पष्ट हुआ कि उक्त अभ्यर्थी ने परीक्षा कक्ष के भीतर अपने पास मोबाइल फोन रखा था।
बल्ह थाना में मामला दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा केंद्र के प्रतिनिधियों ने तुरंत इसकी लिखित शिकायत पुलिस थाना बल्ह में दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपित अभ्यर्थी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाली
घटना की तह तक जाने और सभी परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए परीक्षा केंद्र की सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक व भौतिक साक्ष्यों को कब्जे में लेकर अवलोकन किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: 'सीनियर कर्मी को जूनियर से कम सैलरी नहीं दी जा सकती', हिमाचल हाई कोर्ट का 1996 से उच्च वेतनमान देने का निर्देश