विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कीरतपुर-मनाली फोरलेन होगा चकाचक, 58 करोड़ से 30 KM हिस्से का होगा सुधार कार्य; पंडोह-टकोली खंड की डेडलाइन तय

By Hansraj Saini Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 01 Nov 2026 06:45 AM (IST)

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने हिमाचल प्रदेश में कीरतपुर-मनाली फोरलेन के सुदृढ़ीकरण और यातायात प्रबंधन के लिए कई टेंडर जारी किए हैं।

कीरतपुर मनाली फोरलेन चकाचक होगा। प्रतीकात्मक फोटो

कीरतपुर मनाली फोरलेन चकाचक होगा। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. कीरतपुर-नेरचौक मार्ग का 58.42 करोड़ से होगा सुधार।

  2. पंडोह-टकोली खंड में 292.99 करोड़ से बनेगा फोरलेन।

  3. नागचला जंक्शन पर अंडरपास से दुर्घटनाएं होंगी कम।

जागरण संवाददाता, मंडी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने हिमाचल प्रदेश में सड़क सुदृढ़ीकरण, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए पहल की है। कीरतपुर-मनाली फोरलेन के रखरखाव और निगरानी कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए चार प्रमुख टेंडर और प्रस्ताव जारी किए गए हैं। इनके धरातल पर उतरने से मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुगम होगी।

58.42 करोड़ रुपये से सुधरेगा कीरतपुर-नेरचौक मार्ग

एनएचएआई ने कीरतपुर से नेरचौक खंड के सुधार और रखरखाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 30.66 किलोमीटर लंबे इस कार्य की अनुमानित लागत 58.42 करोड़ रुपये है। कार्य मैसर्स सिगल इंडिया लिमिटेड के जोखिम और लागत पर होगा और इसे पूरा करने के लिए छह माह तय किए गए हैं।

पंडोह-टकोली खंड में फोरलेन निर्माण

पंडोह बाईपास के अंत से टकोली तक 221.305 किलोमीटर से 242.000 किलोमीटर के खंड में फोरलेन निर्माण के लिए 292.99 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है। यह कार्य मैसर्स एसपी पंडोह टकोली हाईवे प्राइवेट लिमिटेड के जोखिम और लागत पर होगा। इसकी समयावधि 12 महीने निर्धारित है।

नागचला जंक्शन पर वीयूपी और ग्रेड सेपरेटर

बल्ह उपमंडल के नागचला जंक्शन पर ईपीसी मोड के तहत एक वाहन अंडरपास (वीयूपी) और दो लेन का ग्रेड सेपरेटर बनाया जाएगा। 43.47 करोड़ रुपये की इस परियोजना में अप्रोच और सर्विस रोड का निर्माण भी शामिल है। निर्माण अवधि डेढ़ वर्ष और रखरखाव अवधि 10 वर्ष होगी। अंडरपास बनने से यहां सड़क हादसों पर विराम लगेगा। वाहनों की आवाजाही भी सुगम होगी।

कुल्लू-मनाली मार्ग के लिए सुपरविजन कंसल्टेंट

कुल्लू से मनाली तक 272.000 से 309.345 किलोमीटर के मार्ग के संचालन और रखरखाव कार्यों की निगरानी के लिए सुपरविजन कंसल्टेंट के प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। करीब 37.35 किलोमीटर लंबे इस पर्यटन मार्ग पर असाइनमेंट की अवधि तीन वर्ष है। यह मार्ग प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहा है। वर्ष 2023 व 2025 की प्राकृतिक आपदा में छह किलोमीटर से अधिक मार्ग का नामोनिशान मिट गया था।

कीरतपुर-मनाली फोरलेन के 30.66 किलोमीटर भाग के मरम्मत कार्य के लिए टेंडर जारी किया गया है। इसके अलावा तीन अन्य कार्यों के लिए निविदा मांगी गई है।
-आकाशदीप सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचएआई मंडी।

यह भी पढ़ें: शिमला-मटौर फोरलेन: घट‌्टा टोल प्लाजा के खिलाफ एकजुट हुई 12 पंचायतें, 6 नवंबर से आरपार की लड़ाई पर बनाई रणनीति 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।