मंडी में शराब के नशे में पिटाई के बाद 30 वर्षीय महिला की मौत, शरीर पर मिले चोटों के निशान; 2 मासूम बेहाल
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि ...और पढ़ें

मंडी में पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत के बाद पति गिरफ्तार किया गया है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
मंडी में 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत।
शराब के नशे में पति पर मारपीट का आरोप।
पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उपमंडल सुंदरनगर के बीएसएल कॉलोनी थाना क्षेत्र के पन्याली का यह मामला है। बताया जा रहा है शराब के नशे में लज्जी राम ने 30 वर्षीय पत्नी नीलम कुमारी के साथ मारपीट की थी। महिला का शव घर में मिला। शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं।
मां की शिकायत पर पति गिरफ्तार
नीलम की मां बिंती देवी की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति को पिटाई और प्रताड़ित करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। बिंती देवी ने पुलिस को बताया कि उनका दामाद शराब के नशे में अकसर नीलम की पिटाई करता था और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
पीठ और टांगों पर मिले निशान
मां ने आरोप लगाया कि पति की पिटाई और प्रताड़ना के कारण ही उनकी बेटी की जान गई। शिकायत के मुताबिक, नीलम की मौत एक नवंबर रविवार को हुई। उसकी पीठ और दोनों टांगों पर नीले निशान पाए गए थे।
दो बच्चे रो-रोकर बेहाल
नीलम के दो बच्चे हैं। मां की मौत के बाद बच्चे रो-रोकर बेहाल हैं। बच्चे अपनी मां को ढूंढ रहे हैं। शिकायत के आधार पर बीएसएल कॉलोनी थाना में मामला दर्ज किया गया।
क्या कहना है डीएसपी का
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं और जांच जारी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में दर्दनाक हादसा: शिलाई में कार खाई में गिरने से पिता-पुत्र की मौत, 10 साल की बेटी 500 मीटर दूर मिली