विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंडी छात्रा हत्याकांड: आरोपित को कोर्ट से मिला पुलिस रिमांड, झगड़ालू प्रवृति का विकास माता-पिता को भी पीट चुका

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 16 Apr 2026 12:12 PM (IST)Updated: Thu, 16 Apr 2026 12:16 PM (IST)

मंडी में कॉलेज छात्रा सिया गुलेरिया की हत्या का कारण अभी अज्ञात है। जांच में सामने आया कि आरोपी विकास ...और पढ़ें

सिया का फाइल फोटो और आरोपित विकास।

सिया का फाइल फोटो और आरोपित विकास।

HighLights

  1. सिया पर सामने से दराट से हमला किया गया।

  2. चीख सुनकर पड़ोसी महिला ने आरोपी को भागते देखा।

  3. हत्या का कारण अभी तक अज्ञात है, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी में कॉलेज जा रही छात्रा की हत्या के कारण का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। अब तक की जांच में सामने आया है कि सरकाघाट उपमंडल के नैण गांव की 19 वर्षीय सिया पर सामने से दराट से वार किया गया था। उसके चीखने पर पास के घर से महिला बाहर निकली थी, लेकिन तब तक आरोपित भाग चुका था। पुलिस की आरंभिक जांच में अभी तक यही माना जा रहा है कि आरोपित विकास ने सनक में ही सिया गुलेरिया पर हमला किया था। 

पुलिस रिमांड पर भेजा 

सिया हत्याकांड आरोपित को 20 अप्रैल तक पुलिस रिमांड मिला है। इस दौरान पुलिस छात्रा की हत्या करने का कारण जानने के लिए पूछताछ करेगी।

11 लोगों के बयान दर्ज

पुलिस ने 11 लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई कि आरोपित की क्या-क्या गतिविधियां रही हैं। वीरवार को आरोपित को दोबारा न्यायालय में पेश किया जाएगा और पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।

मोबाइल पर सहेली से बात करते जा रही थी सिया

सोमवार सुबह कॉलेज जा रही बीवाक (बैचलर आफ वोकेशन) द्वितीय वर्ष की छात्रा सिया गुलेरिया रोज की तरह सहेली से बात करते हुए जा रही थी। घर से कुछ दूरी पर पहुंची तो विकास उसके सामने से आ रहा था। उस समय सड़क पर केवल सिया और आरोपित ही था। 

महिला ने भागते हुए देखा

आरंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित जब सिया के पास पहुंचा तो उसने अचानक दराट से वार कर दिया। एकाएक हुए वार से सिया संभल नहीं पाई। इसके बाद आरोपित ने उस पर और वार किए और वहां से भाग गया। पड़ोस की एक महिला सिया की चीख सुनकर बाहर निकली तो उसने आरोपित को भागते हुए देखा। पुलिस अब मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। 

माता-पिता को भी पीट चुका है आरोपित

जांच में पता चला है कि विकास झगड़ालू प्रवृत्ति का है। उसने अपने माता-पिता को भी पीट दिया था। मामला पुलिस तक पहुंचा था, लेकिन माता-पिता के आग्रह पर केस दर्ज नहीं किया गया था। इसके पिछली 10 से 15 दिन की गतिविधियों को भी पुलिस खंगाल रही है।

उधर एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले का हर पहलू खंगाला जा रहा है।

अस्पताल से मिली आरोपित को छुट्टी

मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद आरोपित विकास की हालत को देखते हुए उसे नेरचौक मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। चिकित्सीय प्रशिक्षण के बाद उसे बुधवार सुबह छुट्टी दे दी गई और उसे मंडी जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें: हिमाचल चेस्टर हिल विवाद: फ्लैट खरीदारों की बढ़ी चिंता, लाखों रुपये खर्च करने के बाद अब बेदखली का डर