मंडी में हाईवे निर्माण के दौरान फौजी का मकान ढहा, धरने पर बैठे विधायक; अलाइनमेंट से बाहर था घर
मंडी में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के दौरान सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी की लापरवाही से एक फौजी का मकान ढह गया, जिससे परिवार बेघर हो गया।

धर्मपुर के विधायक ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठे। जागरण
HighLights
फौजी का मकान हाईवे निर्माण लापरवाही से ढहा।
सुरक्षा उपायों के बिना कटिंग से हुआ बड़ा नुकसान।
विधायक धरने पर बैठे, कंपनी पर FIR दर्ज।
जागरण टीम, मंडी। हिमाचल प्रदेश में मंडी कोटली धर्मपुर-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण में बरती जा रही लापरवाही एक फौजी व उसके स्वजन पर भारी पड़ी है। धर्मपुर उपमंडल के कुम्हारडा गांव में निर्माण कंपनी की अनदेखी से फौजी आशीष कुमार पुत्र बिहारी लाल का मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। मकान का एक कोना अचानक ढहने और पूरे भवन में दरारें आने से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है।
हैरानी की बात यह है कि फौजी का मकान एनएच की निर्धारित अलाइनमेंट से बाहर है, इसके बावजूद संबंधित सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से मकान के ठीक नीचे बिना किसी सुरक्षा उपाय के कटिंग की जा रही थी।
छह माह से कर रहे थे सुरक्षा दीवार की मांग
पीड़ित परिवार और ग्रामीण छह माह से मकान के नीचे सुरक्षा दीवार लगाने की मांग कर रहे थे, लेकिन कंपनी के अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। मंगलवार को जमीन धंसने से मकान का एक हिस्सा भरभरा कर गिर गया और शेष भवन भी रहने लायक नहीं रहा।
लोगों में फूटा आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में निर्माण कंपनी के खिलाफ आक्रोश फूट पड़ा है। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन सड़क निर्माण की आड़ में किसी की जीवनभर की पूंजी और जान को दांव पर नहीं लगाया जा सकता।
विधायक धरने पर बैठे
मामले की गंभीरता को देखते हुए धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर भी प्रभावितों के समर्थन में ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए। उन्होंने कंपनी की कार्यप्रणाली पर रोष व्यक्त किया।
पुलिस थाना में मामला दर्ज
पीड़ित परिवार की शिकायत पर धर्मपुर पुलिस थाना में सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। विधायक के धरने के बाद हरकत में आए प्रशासन की ओर से एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता व नुकसान का उचित आकलन कर मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।