प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की कर रही किसानों को मालामाल, मंडी में सरकार ने 367 क्विंटल फसल खरीदी
प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की मंडी के किसानों को समृद्ध कर रही है, जहां पहले चरण में लक्ष्य से अधिक ...और पढ़ें

हिमाचल सरकार प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की खरीद रही है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
मंडी में प्राकृतिक खेती की मक्की से किसानों को लाभ।
पहले चरण में 367 क्विंटल मक्की लक्ष्य से अधिक खरीदी गई।
दूसरे चरण में 479 और किसानों से होगी मक्की खरीद।
जागरण संवाददाता, मंडी। प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की अब किसानों को मालामाल कर रही है और यही कारण है कि किसानों का रुख इस ओर बढ़ा है। सरकार की ओर से दाम निर्धारित होने पर इस बार कृषि विभाग के आतमा परियोजना के तहत खरीद गई मक्की लक्ष्य से अधिक आई है।
विभाग ने मंडी जिले के छह ब्लॉक में 191 किसानों से 335 क्विंटल का लक्ष्य रखा था, लेकिन इस बार 206 किसानों ने 367 क्विंटल मक्की बेची है। इनको प्रति किलो 50 रुपये का दाम मिला है। मंगलवार से इसका दूसरा चरण आरंभ होगा।
479 और किसानों से होगी खरीद
पहले चरण में ही 30 क्विंटल अधिक मक्की आने के बाद अब विभाग को उम्मीद है कि लक्ष्य से अधिक मक्की दूसरे चरण में भी किसान बेचेंगे। करीब 479 किसानों से इसको खरीदा जाना है। पहले चरण में सदर मंडी, सुंदरनगर और धर्मपुर के संग्रह केंद्रों में खरीद पूरी हुई है। दूसरे चरण में द्रंग, निहरी, गोहर, सराज आदि केंद्रों में खरीद आरंभ हो गई है।
8214 किसान प्राकृतिक खेती से जुड़े
बता दें कि जिला में कुल करीब 43380 किसान हैं। वर्ष 2025-26 में मंडी जिला में 2,500 हेक्टेयर क्षेत्र, 50 क्लस्टर और 8,214 किसानों को योजना से जोड़ा गया था। वहीं, वर्ष 2026-27 के दौरान एक हजार हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि, 20 नए क्लस्टर और 2,500 नए किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रथम चरण में 206 किसानों ने 367 क्विंटल मक्की बेची है। यह लक्ष्य से अधिक है। कल से दूसरा चरण आरंभ हो रहा है। हमें उम्मीद है कि किसान पहले से अधिक मक्की उपज बेचेंगे।
-डा. राकेश पटियाल, परियोजना निदेशक आतमा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में भांग की खेती के लिए समीक्षा समिति गठित, सरकार ने जिलास्तर पर भी बनाई कमेटी; कौन होंगे सदस्य?