विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धान-गेहूं की खेती छोड़ अमरूद पैदावार की ओर बढ़े मंडी के किसान, एक साल में 5 फीट तक ऊंचे हुए पौधे

By Mukesh Kumar Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 15 Nov 2026 02:24 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में किसान पारंपरिक धान और गेहूं की खेती छोड़कर अमरूद की पैदावार की ओर रुख कर रहे हैं।

मंडी के बही गांव में तैयार अमरूद के पौधे।

मंडी के बही गांव में तैयार अमरूद के पौधे।

HighLights

  1. मंडी के किसान धान-गेहूं छोड़ अमरूद की खेती अपना रहे।

  2. एचपी शिवा परियोजना से बही गांव में अमरूद क्लस्टर विकसित।

  3. सोलर बाड़बंदी, आधुनिक सिंचाई से फसल सुरक्षित, आय बढ़ी।

जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश में जिला मंडी के किसान पारंपरिक धान व गेहूं की खेती को छोड़कर अमरूद की पैदावार की ओर रुख कर रहे हैं। विकास खंड गोपालपुर स्थित बही गांव में एचपी शिवा परियोजना के तहत अमरूद क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार व एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से लगभग 8.7 हेक्टेयर भूमि पर अमरूद की उन्नत किस्मों हिसार सफेदा और जारवी रेड के 9,180 पौधे रोपे गए हैं। इस पहल से 21 किसान जुड़े हैं।

1.6 करोड़ खर्च

क्लस्टर विकास और आधारभूत सुविधाओं पर अब तक 1 करोड़ 6 लाख 54 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें भूमि सुधार, खेतों का समतलीकरण, जल निकासी, सोलर बाड़बंदी और आधुनिक सिंचाई व्यवस्था शामिल है। 

सोलर बाड़बंदी से फसल सुरक्षित

सामुदायिक बागवानी उत्पादन एवं विपणन संघ (सीएचपीएमए) के प्रधान और लाभार्थी सुरेश ठाकुर ने बताया कि सोलर बाड़बंदी से पौधों को बेसहारा पशुओं और जंगली जानवरों से सुरक्षा मिल रही है। जलापूर्ति और टपक सिंचाई प्रणाली विकसित की जा रही है। 

एक साल में ही 4 से 5 फीट के हुए पौधे

जून, 2025 में बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने यहां पौधरोपण कार्य शुरू किया था। पौधे अब लगभग एक वर्ष के हैं और चार से पांच फीट ऊंचे हो चुके हैं। 

निर्मला देवी ने 10 बीघा भूमि पर लगाए पौधे

लाभार्थी निर्मला देवी ने करीब 10 बीघा भूमि पर पौधे लगाए हैं। पहले यहां धान और गेहूं की खेती होती थी, लेकिन पशुओं और जंगली जानवरों से फसल को नुकसान पहुंचता था। अब पौधों की अच्छी बढ़वार हो रही है। जगदीश चंद की दो बीघा भूमि पर भी पौधे लगाए गए हैं।

क्या कहते हैं अधिकारी

उद्यान विकास अधिकारी सरकाघाट शबनम राणा ने कहा कि परियोजना का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना और पारंपरिक खेती पर निर्भरता घटाना है। क्षेत्र के अनुकूल अमरूद, नींबू प्रजाति, अनार और लीची के क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। किसानों को ग्रेडिंग, पैकेजिंग, भंडारण, प्रसंस्करण और बाजार से जुड़ाव में सहयोग दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में स्पीड लिमिटिंग डिवाइस ने खड़ा किया संकट, SLD न मिलने से खड़ी हो गईं 1000 कमर्शियल गाड़ियां 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।