विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल कांग्रेस नेताओं में दो-दो हार के बाद भी दावेदारी का जोर, मंडी में टिकट की दौड़ गरमाई

Published: Tue, 24 Nov 2026 03:50 PM (GMT+05:30)

मंडी जिले में कांग्रेस टिकट वितरण को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है, जहाँ दो बार हार चुके वरिष्ठ नेता फिर से दावेदारी पेश कर रहे हैं। 

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. मंडी में कांग्रेस टिकट को लेकर राजनीतिक बेचैनी।

  2. दो बार हारे वरिष्ठ नेताओं की फिर से दावेदारी।

  3. नए चेहरों को मौका देने की मांग भी प्रबल।

हंसराज सैनी, मंडी। जिला मंडी के पहाड़ी रास्तों और कस्बों की शाम आजकल सिर्फ ठंडी हवाओं से नहीं, राजनीतिक बेचैनी से भी कांप रही है। एक तरफ वे चेहरे हैं, जिन्होंने अपनी जवानी से लेकर उम्र के इस पड़ाव तक पार्टी का झंडा कंधे पर ढोया, हार के कड़वे घूंट पिए, मगर मैदान नहीं छोड़ा। दूसरी तरफ वे युवा और नए चेहरे हैं, जिनकी आंखों में बदलाव की चमक है और जिन्हें कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के उस बयान ने आस बंधाई थी कि जहां पार्टी दो बार हारी है, वहां नया चेहरा आएगा।

दो-दो हार वाले नेता

कौल सिंह ठाकुर, प्रकाश चौधरी, चेतराम ठाकुर, पवन ठाकुर और सोहन लाल, ये नाम मंडी की राजनीति के पन्नों में सिर्फ दो-दो हार के आंकड़े बनकर दर्ज नहीं हैं, बल्कि एक लंबे सफर की कहानी भी कहते हैं। 

ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों से प्रस्ताव पारित

पर राजनीति बड़ी बेरहम होती है, यहां त्याग से ज्यादा जीत की कसौटी देखी जाती है। ऐसे में जब ये नेता अपने पक्ष में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों से प्रस्ताव पारित करवा रहे हैं, तो इसके पीछे सिर्फ टिकट की ललक दिखती है या फिर एक ऐसा अडिग आत्मविश्वास कि मैं ही इस जमीं की नब्ज पहचानता हूं। यह बहस चाय की दुकानों से लेकर पार्टी कार्यालयों तक छिड़ी है।

...तो कब खत्म होगा इंतजार

ब्लॉक कमेटियों के भीतर उठते हाथ और गूंजते नारे बाहर से जितने सहज लगते हैं, भीतर उतनी ही कशमकश है। कई पुराने कार्यकर्ता भावुक होकर कहते हैं कि जिन नेताओं के साथ उन्होंने धूप-छांव देखी, उन्हें किनारे करना आसान नहीं। वहीं, दूसरी कतार में खड़ा एक नौजवान कार्यकर्ता खामोश जरूर है, पर उसकी आंखों में यह कसक साफ पढ़ी जा सकती है कि अगर हर बार प्रस्ताव की ढाल आगे कर दी जाएगी, तो नए चेहरों का इंतजार कब खत्म होगा?

नेतृत्व की परीक्षा और कार्यकर्ताओं का भरोसा

पार्टी हाई कमान और प्रदेश नेतृत्व के लिए यह घड़ी किसी भावनात्मक और रणनीतिक परीक्षा से कम नहीं है। एक ओर वरिष्ठ नेताओं के तेवर और उनका जमीनी प्रभाव है, जिसे नजरअंदाज करना नेतृत्व को भारी पड़ सकता है; दूसरी ओर प्रभारी रजनी पाटिल के नए चेहरे वाले वादे की साख है, जिस पर युवाओं ने भरोसा किया है। 

मंडी जिले की राजनीति आज एक ऐसे चौराहे पर खड़ी है, जहां कागज पर लिखा एक प्रस्ताव किसी की उम्मीद जगा सकता है तो किसी का सपना तोड़ भी सकता है। सवाल यही है कि इस राजनीतिक शतरंज में जीत तजुर्बे की भावनात्मक पकड़ की होगी या फिर बदलाव की उस नई उम्मीद की, जो अभी अंगड़ाई ले रही है।

यह भी पढ़ें: सेना पर बयान के विरोध में मंत्री नेगी के खिलाफ प्रदर्शन, शिमला, मंडी व ऊना में BJP कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।