विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कीरतपुर-मनाली फोरलेन: 9 टनल निर्माण स्थल की होगी जियोलॉजिकल मैपिंग, बोर तकनीक से जांची जाएगी झलोगी की मजबूती

By Hansraj Saini Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 15 Nov 2026 06:32 AM (IST)

कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर झलोगी क्षेत्र की भूमिगत मजबूती अब आधुनिक बोर तकनीक से जांची जाएगी, जबकि नौ अन्य सुरंगों की जियोलाजिकल मैपिंग होगी।

मनाली-कीरतपुर फोरलेन पर बनी टनल। जागरण आर्काइव

मनाली-कीरतपुर फोरलेन पर बनी टनल। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. झलोगी की भूमिगत मजबूती अब बोर तकनीक से जांची जाएगी।

  2. कीरतपुर मनाली फोरलेन पर नौ सुरंगों की मैपिंग होगी।

  3. सचिव ने पंडोह-टकोली खंड बहाली के निर्देश दिए।

हंसराज सैनी, मंडी। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर बार-बार दरक रहे पहाड़ और भूस्खलन के खतरे से जूझ रहे झलोगी क्षेत्र की भूमिगत मजबूती जांचने के तरीके में अब बड़ा बदलाव किया गया है। यहां अब पारंपरिक सेस्मिक रिफ्रेक्शन टोमोग्राफी (एसआरटी) और इलेक्ट्रिकल रेजिस्टिविटी टोमोग्राफी (ईआरटी) के बजाय आधुनिक बोर तकनीक का सहारा लिया जाएगा।

मुख्यालय की उच्चस्तरीय डीपीआर कमेटी ने झलोगी में 40 मीटर गहराई तक बोर (ड्रिलिंग) कर चट्टानों और मिट्टी की वास्तविक मजबूती जांचने के आदेश जारी किए हैं।

9 टनल की होगी जियोलॉजिकल मैपिंग

इसके साथ ही इस फोरलेन पर प्रस्तावित नौ अन्य सुरंगों के निर्माण स्थलों की भी बारीकी से जियोलाजिकल मैपिंग की जाएगी, ताकि भविष्य में निर्माण के दौरान किसी प्रकार की भौगोलिक बाधा या अनहोनी से बचा जा सके। मुख्यालय की डीपीआर कमेटी ने गत माह प्रस्तावित सुरंग स्थलों का जायजा लिया था। भूगर्भीय स्थिति को देखते हुए जांच की तकनीक बदलने और जियोलाजिकल मैपिंग का निर्णय लिया गया है। इसके बाद सुरंगों की डीपीआर को अंतिम रूप दिया जाएगा। 

सचिव ने की समीक्षा

वहीं, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी उमाशंकर ने भी प्रदेश में चल रहे विभिन्न फोरलेन के निर्माण कार्यों की प्रगति की उच्च स्तरीय समीक्षा की है। बैठक में उन्होंने परियोजनाओं की धीमी गति और भौगोलिक चुनौतियों पर गंभीर मंथन करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए।

पंडोह-टकोली खंड की बहाली के निर्देश

वी उमाशंकर ने कीरतपुर मनाली फोरलेन के सबसे संवेदनशील माने जाने वाले पंडोह-टकोली खंड को हर हाल में पूरी तरह से बहाल करने को कहा है। बरसात और भूस्खलन से प्रभावित हुए इस हिस्से में यातायात को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए स्थायी समाधान करने पर जोर दिया गया है।

द्रंग में भूधंसाव का अध्ययन

दूसरी ओर, पठानकोट-मंडी फोरलेन परियोजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने द्रंग क्षेत्र में हो रहे लगातार भूधंसाव के कारणों का पता लगाने के लिए चल रहे अध्ययन कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि वहां स्थायी सुरक्षा दीवार या वैकल्पिक मार्ग का निर्माण सुनिश्चित हो सके।

पिंजौर-नालागढ़ फोरलेन का कार्य पूरा करने के निर्देश  

समीक्षा बैठक में औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन (बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़) को जोड़ने वाले पिंजौर नालागढ़ फोरलेन के निर्माण में हो रही देरी पर कड़ा रुख अपनाते हुए सचिव ने संबंधित कंस्ट्रक्शन कंपनी को कार्य युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा होना चाहिए।

हमीरपुर और कांगड़ा के लिए निर्देश

इसके अतिरिक्त, हमीरपुर में क्षतिग्रस्त हुए पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाकर बाईपास को शीघ्र आम जनता के लिए खोलने को कहा गया है, जिससे शहर में लगने वाले जाम से राहत मिल सके। 

वहीं, कांगड़ा जिले के पालमपुर में निर्माणाधीन आइआरवी (इंटरमीडिएट लेन) के कार्य को भी गति देते हुए इसे हर हाल में अगले वर्ष तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।

यह भी पढ़ें: कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण: प्रशासन ने खाली किए मकानों पर चलाया बुलडोजर, 7 गांवों में प्रक्रिया तेज 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।