Move to Jagran APP

PM Modi Himachal Rally: पांच साल बाद सरकार बदलने की परंंपरा पर पीएम मोदी ने दिया कड़ा संदेश, नुकसान भी गिनाए

PM Modi Rally In Himachal प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल प्रदेश में दो रैलियां कर चुनावी हुंकार भर गए। पीएम ने पांच साल बाद सरकार बदलने की परंपरा पर कड़ा संदेश दिया। पीएम ने इसके नुकसान भी गिनाए व विकास के लिए स्थिर सरकार का महत्‍व बताया।

By Jagran NewsEdited By: Rajesh Kumar SharmaPublished: Sat, 05 Nov 2022 06:22 PM (IST)Updated: Sat, 05 Nov 2022 08:45 PM (IST)
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी मंडी के सुंदरनगर में रैली को संबोधित करते हुए।

सुंदरनगर, जागरण संवाददाता। PM Modi Rally In Himachal, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा पांच-पांच साल वालों ने हिमाचल का बहुत नुकसान करवाया है। वह दवाई के उदाहरण से प्रदेश के लोगों को पांच-पांच साल में सरकार बदलने के दुष्प्रभाव समझा गए। उन्होंने कहा कि बार बार दवाई व डाक्टर बदलने से बीमारी नहीं जाती है। किसी को फायदा नहीं होता है। हिमाचल में ऐसी ही गलती होती रही। किसी ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली। लोगों की समस्याओं की शिमला में बैठने वालों ने चिंता नहीं की, क्योंकि उन्हें पता था कि पांच साल बाद तो आना ही नहीं। जनता अगर जवाबदेही चाहती हैं तो इस बार रिवाज बदल कर देंखे।पहले से दोगुना गति के साथ विकास होगा। उन्होंने शनिवार को सुंदरनगर के जवाहर पार्क में मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशियों के पक्ष में विजय संकल्प रैली को संबोधित किया।

loksabha election banner

रक्षा सौदों के नाम पर कांग्रेस ने की दलाली

पीएम माेदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कांग्रेस ने रक्षा सौदों के नाम पर कांग्रेस ने दलाली की। इसका खामियाजा व नुकसान हिमाचल की वीर माताओं को झेलना पड़ा। सीमा पर देश व प्रदेश के जवान बलिदान हुए। लेकिन अब ऐसा नहीं है। रक्षा सौदों में कोई देरी नहीं होती है।

आपके लिए कुछ करना चाहता हूं

पीएम मोदी ने कहा कि हिमाचल का यह बेटा दिल्ली में आपके लिए कुछ करना चाहता हूं। पांच साल से कर रहा हूं और आगे भी करना चाहता हूं। गलती से यहां आपने गलत लोगों को बिठा दिया तो दिल्ली बैठ कर कुछ नहीं कर सकता।

पांच नहीं 25 साल की विकास यात्रा तय करेगा यह चुनाव

हिमाचल का इस बार का चुनाव बहुत खास है। 12 नवंबर को जो वोट पड़ेंगे वो आने वाले पांच नहीं 25 साल की विकास यात्रा तय करेंगे। देश आजादी व हिमाचल अपने स्थापना के 100 वर्ष मनाएगा।

तेज विकास के लिए स्थिर सरकार जरूरी

मोदी ने कहा कि प्रदेश के तेज विकास के लिए स्थिर सरकार जरूरी है। भाजपा यानी स्थिरता, भाजपा यानी सेवा भाव, भाजपा यानी सदभाव, भाजपा यानी विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता। इस चुनाव में हिमाचल के लोग भाजपा की जोरदार वापसी की ठान चुके हैं। सैनिकों व वीर मातओं की ये धरती जब संकल्प लेती है तो उसे सिद्ध करके दिखाती है।

मैंने तय किया था कि मंडी जाऊंगा और क्षमा मागूंगा

मुझे कुछ दिन पहले मंडी आना था लेकिन मौसम प्रतिकूल होने से नहीं आ सका। उसी दिन मैंने तय कर लिया था कि जब भी हिमाचल चुनावी रैलियां शुरू होंगी सबसे पहले मैं मंडी जाऊंगा और यहां की जनता से क्षमा मागूंगा। मंडी और हिमाचल के लोगों ने इतना कष्ट उठाया और मैं पहुंच नहीं पाया। इसकी पीड़ा मेरे मन में हमेशा रहेगी।

याद किए गंगाराम, दिले राम और दामोदर दास

मोदी ने कहा कि सुंदरनगर में बातें करना मेरा क्रम बन गया था। तब मैंने नहीं सोचा था कि देश और हिमाचल की सेवा का मौका मिलेगा। सुंदरनगर के पुराने साथी बात किया करते होंगे तो उन्हें भी आश्चर्य हुआ करता होगा। ठाकुर गंगा सिंह, दिले राम व दामदोर दास जैसे अनेक सहयोगियों से मैंने बहुत कुछ सीखा था।

मुक्केबाज आशीष व पहाड़ लोगों के जज्बे को किया सलाम

सुंदरनगर के होनहार सपूत मुक्केबाज आशीष चौधरी से मुझे बात करने का मौका मिला था। टोक्यो ओलंपिक जाने से पहले जब वो स्पेन में प्रशिक्षण ले रहे थे तब मेरी बात हुई थी। पिता की मौत के बाद जिस तरह का हौसला आशीष ने दिखाया वो सभी नहीं दिखा पाते हैं। पहाड़ लोगों में बड़ा जज्बा होता है।

कांग्रेस ने तरसाओ, लटकाओ, भटकाओ की नीति पर काम किया

मोदी ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस ने तरसाओ, लटकाओ, भटकाओ की नीति पर काम किया। राजनीतिक दृष्टि से छोटे पहाड़ी प्रदेश के विकास को कभी प्राथमिकता नहीं दी। इससे हिमाचल लगातार पीछे होता गया।

कांग्रेस ने घोषणापत्र खोलकर देखा ही नहीं

कांग्रेस की सच्चाई यह है कि 2012 में जिस घोषणापत्र पर वो चुनाव जीते थे। उसमें एक भी काम उन्होंने 2012 से 2017 के दौरान नहीं किया। घोषणापत्र खोलकर देखा ही नहीं। भाजपा की पहचान है कि जो कहते हैं उसे पूरा कर दिखाते हैं।

डबल इंजन सरकार में 8000 घर बने, कांग्रेस के समय में मात्र 15

कांग्रेस सरकार के समय प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में पैसा देने केे बाद भी कांग्रेस 2014 से 2017 मात्र 15 घर बना पाई। जनता ने हिमाचल को डबल इंजन की सरकार दी तो 10,000 घरों पर काम शुरू हुआ। 8000 से ज्यादा घरों का काम पूरा हो चुका है। लोग तय करें 15 घर बनाने वाली या 10,000 घर बनाने वाली सरकार चाहिए। ये संभव मोदी व जयराम नहीं बल्कि जनता के वोट से हुआ है। सब मिलकर रिवाज बदलेंगे।

सोलन में बोले मोदी, स्वतंत्रता के बाद पहला घाेटाला कांग्रेस ने रक्षा क्षेत्र में किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोलन के ठोडो मैदान में कहा कि खुद को कट्टर ईमानदार बताने वाले ही सबसे बड़े भ्रष्टाचारी हैं। कांग्रेस पर कभी भरोसा मत करना। स्वतंत्रता के बाद देश का पहला घोटला कांग्रेस ने रक्षा क्षेत्र में ही किया था। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में जमकर दलाली खाई है। कांग्रेस यह कभी नहीं चाहती थी कि देश रक्षा साजो सामान में आत्मनिर्भर बने। कांग्रेस रक्षा सौदों में कमीशन चाहती थी। हथियारों में दलाली खाकर कांग्रेस ने कितनी ही जिंदगियों के साथ खिलवाड़ किया है, लेकिन भाजपा किसी के साथ अन्याय नहीं होने लगी। 50 वर्ष से अधिक हो गए हैं जब कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा लगाया था। सबको लगता था कि गरीबी जाएगी। चुनाव होते गए कांग्रेस सरकार बनाती रही, लेकिन गरीबी नहीं हटी। झूठी गारंटी देना कांग्रेस की आदत है। कर्ज माफी के नाम पर कांग्रेस किस तरह झूठ बोलती रही है। वन रैंक वन पेंशन भाजपा ने दी है। कांग्रेस प्रत्येक चुनावों में यह वादा करती थी। भाजपा ने इसे पूरा करके दिखाया है। 60 हजार करोड़ रुपये पूर्व सैनिकों को मिले। कांग्रेस ने देश की वीर माताओं और जवानों से झूठ बोला है। यदि कांग्रेस सरकार होती तो आज भी वन रैंक वन पेंशन के नाम पर आपको ठगती रहती। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

विदेश में हिमाचल की चर्चा होगी, बदलनी होगी परंपरा

स्थानीय बोली से भाषण की शुरुआत करने के बाद नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हिमाचल की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाने के लिए हम काम कर रहे हैं। नालागढ़ में बनने वाले मेडिकल डिवाइस पार्क व ऊना में बन रहे बल्क ड्रग पार्क के बाद हिमाचल की फार्मेसी के क्षेत्र में भागीदारी बढ़ने वाली है। न केवल देश में बल्कि विदेश में हिमाचल की चर्चा होगी। लोगों की भीड़ देख मोदी ने कहा कि आप सबने विरोधियों की नींद खराब कर दी है। कांग्रेस दलदल में फंसी हुई और गुटों में बंटी पार्टी है। पांच वर्ष के बाद सरकार बदलने की परंपरा को खत्म करने की जरूरत है। स्थिर सरकार ही प्रदेश में विकास करवा सकती है। माता शूलिनी के आशीर्वाद से सोलन ने अपनी पहचान टमाटर व मशरूम सिटी के नाम से देशभर में बनाई है। हिमाचल के रास्ते और पहाड़ सब याद हैं। यहां की यादें आज भी हिमाचल की तरफ खिंचती हैं। यहां के हर गली-मोहल्ले को जानता हूं। आप सरकार से जवाब मांगना चाहते हैं और सरकार की जवाबदेही चाहते हैं तो एक मौका और दें। सरकार डबल ऊर्जा के साथ काम करेगी।

यह भी पढ़ें: Modi Road Show Himachal: सड़क किनारे विशेष बच्‍चों को देखकर रुक गया मोदी का काफ‍िला, देखिए वीडियो

Himachal Election 2022: पहले साथ शराब पी, वोट डालने की बात आई तो पीट दिया बचपन का दोस्‍त, अधमरा कर फेंका


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.