दिल्ली महारैली में न जाने पर कार्रवाई, हिमाचल युवा कांग्रेस के 13 पदाधिकारी सस्पेंड; महासचिव ने जारी किया आदेश
हिमाचल युवा कांग्रेस ने दिल्ली की 'वोट बचाओ देश बचाओ' रैली में अनुपस्थित रहने वाले 13 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार।
HighLights
हिमाचल युवा कांग्रेस के 13 पदाधिकारी निलंबित।
दिल्ली की 'वोट बचाओ देश बचाओ' रैली में अनुपस्थित रहे।
महासचिव आर्यन चौहान ने जारी किए निलंबन आदेश।
सहयोगी, पद्धर (मंडी)। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की वोट बचाओ देश बचाओ रैली में भाग न लेने वाले कांग्रेस पदाधिकारियों पर संगठन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई आरंभ कर दी है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने इस रैली में अनुपस्थित रहने वाले 13 पदाधिकारियों को उनके पदों से निलंबित कर दिया है। प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव (संगठन) आर्यन चौहान ने इस बाबत आदेश जारी किए। निलंबन आगामी सूचना तक लागू रहेगा।
ये पदाधिकारी शामिल
आर्यन चौहान की ओर से जारी आदेशों के तहत निलंबित पदाधिकारियों में युवा कांग्रेस की उपाध्यक्ष अमला कश्यप और अनु कुमारी मराठा शामिल हैं। महासचिव पद से साहिल ठाकुर, अजय ठाकुर, रविंद्र राव, सचिन ठाकुर, मनोज कुमार, पूजा ठाकुर, तजिंदर कुमार और अंकुर शर्मा को निलंबित किया गया है। युवा कांग्रेस सचिव यशपाल, अर्जुन सिंह और बलदेव सिंतियान भी निलंबित किए गए हैं।
क्या कहते हैं महासचिव
महासचिव आर्यन चौहान ने बताया कि दिल्ली कार्यक्रम में भाग न लेने पर यह कदम उठाया गया है। इस बाबत संबंधित पदाधिकारियों को निलंबन की सूचना दी गई है और आदेश की प्रतियां संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भेजी गई हैं।
पार्टी ने माना अनुशासनहीनता
उन्होंने कहा कि संगठन के पदाधिकारी होने के बावजूद रैली में न जाना सीधे तौर पर संगठन के आदेशों की अनुपालना न करना है, जबकि सभी को रैली में भाग लेने के आदेश दिए गए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।