हिमाचल सरकार ने तेलंगाना की फर्म से वापस लिए शराब ठेके, 3 जिलों में खाद्य आपूर्ति निगम करेगा संचालन
हिमाचल सरकार ने तेलंगाना की फर्म से मंडी, बिलासपुर और कुल्लू जिलों में शराब के ठेके वापस ले लिए हैं। अब इन ठेकों का संचालन खाद्य आपूर्ति निगम करेगा।

हिमाचल सरकार ने तेलंगाना की फर्म से शराब ठेके वापस ले लिए हैं। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हिमाचल सरकार ने तेलंगाना फर्म से शराब ठेके वापस लिए।
मंडी, बिलासपुर, कुल्लू में अब निगम करेगा संचालन।
फर्म पर करोड़ों रुपये का राजस्व बकाया है।
जागरण संवाददाता, मंडी। तेलंगाना की फर्म को मंडी और बिलासपुर में दिए गए शराब ठेकों को आबकारी विभाग ने वापस ले लिया है। अब इन ठेकों को खाद्य आपूर्ति निगम चलाएगा। खाद्य आपूर्ति निगम ने ठेकों को अपने अधीन ले लिया है। मंडी जिला में ही इन 10 शराब के ठेकों की कंपनी की 7.30 करोड़ रुपये की देनदारी है।
मंडी में यहां हैं 10 ठेके
तेलंगाना की फर्म एपीटको को मंडी में 10 शराब ठेके दिए गए थे। इसमें करसोग क्षेत्र में बनकडंडा, मोहग, ठाकरथाना, को, मतेल, कसोल में छह ठेके, चैलचौक के मौवीसेरी, सरोआ और केलोधार में तीन और सरकाघाट में मसेरन के शराब ठेके शामिल थे। मंडी में कंपनी ने 7.30 करोड़ रुपये के राजस्व जमा नहीं करवाया है।
बिलासपुर में छह ठेके
यही स्थिति बिलासपुर में थी, यहां पर छह ठेके फर्म के पास थे, जिनको भी वापस ले लिया गया है। अब निगम इनका संचालन कर रहा है और निगम की ओर से संचालन के दिन से वित्तीय वर्ष तक एक्साइज ड्यूटी दी जाएगी।
कुल्लू में 60 करोड़ की देनदारी, आज से नीलाम होंगे ठेके
तेलंगाना की इस फर्म के पास कुल्लू जिला के सभी शराब ठेके थे। यहां भी फर्म की 60 करोड़ रुपये की देनदारी है। करीब 150 शराब के ठेके इसी फर्म के पास ही हैं। यहां पर संबंधित फर्म सभी ब्रांड उपलब्ध नहीं करवा पा रही है। ऐसे में शराब अवैध रूप से अधिक बिकने लगी है। बीयर की सबसे अधिक ब्लैक हो रही है।
मंडी में एपीटको को 10 शराब ठेके दिए गए थे, जिनको वापस लेकर खाद्य आपूर्ति निगम को दे दिया गया है। अब निगम इन ठेकों के संचालन करेंगे।
-अरविंद, आयुक्त आबकारी विभाग मंडी।
कुल्लू में आज नीलामी
कुल्लू जिला में आज फिर से शराब ठेकों की नीलामी रखी गई है। बिलासपुर के शराब ठेके भी संबंधित फर्म से वापस ले लिए गए हैं।
-विनोद कुमार, संयुक्त आयुक्त आबकारी विभाग मंडी।
निगम के पास 10 ठेकों का संचालन
खाद्य आपूर्ति निगम के पास 10 शराब ठेके आए हैं। इनमें से कुछ के संचालन आज से आरंभ कर दिया गया है।
-संजीव कुमार वर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक खाद्यापूर्ति निगम मंडी।
यह भी पढ़ें: 'जमीन की फर्जी रजिस्ट्रियां बंद करो', हिमाचल विधानसभा में बैनर लेकर पहुंचे BJP विधायक; सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।