'जमीन की फर्जी रजिस्ट्रियां बंद करो', हिमाचल विधानसभा में बैनर लेकर पहुंचे BJP विधायक; सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
भारतीय जनता पार्टी विधायक दल ने हिमाचल सरकार पर बेशकीमती जमीन और सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने का आरोप लगाते हुए विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया।

हिमाचल विधानसभा परिसर में प्रदर्शन करते भाजपा विधायक। जागरण
HighLights
भाजपा ने हिमाचल सरकार पर निजीकरण का आरोप लगाया।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने श्वेत पत्र की मांग की।
दिल्ली भवन को निजी हाथों में देने पर आपत्ति जताई।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। भारतीय जनता पार्टी विधायक दल ने प्रदेश सरकार पर हिमाचल की बेशकीमती जमीन और सरकारी संपत्तियों को निजी क्षेत्र के हवाले करने का आरोप लगाते हुए विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस सरकार जिस तरह से सरकारी संपत्तियों को निजी क्षेत्र को सौंपने के फैसले ले रही है, उसका पार्टी पुरजोर विरोध करती है। भाजपा विधायक जमीन की फर्जी रजिस्ट्रियां बंद करो के बैनर लेकर विधानसभा में पहुंचे व सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
दिल्ली में बनाया भवन निजी हाथों में देने की तैयारी
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि बीबीएमबी बांध के संदर्भ में नेगोशिएशन के तहत दिल्ली सरकार से प्राप्त जमीन पर एक बड़ा भवन तैयार किया गया है। हैरानी की बात है कि भवन का उद्घाटन होने से पहले ही इसे निजी क्षेत्र को देने का निर्णय कर लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जिनसे हिमाचल की संपत्तियां निजी हाथों में जा रही हैं।
हिमाचल को बिकने नहीं दिया जाएगा
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए भाजपा स्पष्ट करना चाहती है कि हिमाचल को बिकने नहीं दिया जाएगा। सरकार का रवैया ऐसा ही रहा तो वह विधानसभा को भी बेचने से पीछे नहीं हटेगी। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा विधायक दल ने सदन के बाहर प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज करवाया।
श्वेत पत्र लाने में देरी क्यों कर रही सरकार
जयराम ठाकुर ने सरकार से सवाल किया कि श्वेत पत्र लाने में देरी क्यों की जा रही है और सरकार किन तथ्यों को सामने रखने से बच रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की संपत्तियों और जमीन से जुड़े फैसलों पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। भाजपा इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगती रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।