विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फोरलेन निर्माण के मलबे से संवरेंगे हिमाचल के डंपिंग स्थल, बनेंगे पार्क और खेल मैदान

Published: Sat, 10 Oct 2026 08:56 AM (IST)

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने एनएचएआइ को निर्देश दिए हैं कि फोरलेन निर्माण से बनी डंपिंग साइटों को अब पार्क और खेल मैदानों में विकसित किया जाए। जिसे डीपीआर में शामिल किया जाएगा।

हिमाचल फोरलेन प्रोजेक्ट्स में बड़ा बदलाव।

हिमाचल फोरलेन प्रोजेक्ट्स में बड़ा बदलाव।

HighLights

  1. डंपिंग साइटों को पार्क और खेल मैदानों में बदलेंगे

  2. जेपी नड्डा ने एनएचएआइ अधिकारियों को निर्देश दिए

  3. डीपीआर में जनहितैषी प्रविधान शामिल करने को कहा

जागरण संवाददाता, मंडी। प्रदेश में फोरलेन निर्माण के दौरान निकलने वाले मलबे और डंपिंग साइटों को लेकर अब एक नई और दूरदर्शी पहल शुरू होने जा रही है।

फोरलेन परियोजनाओं के तहत बनने वाली डंपिंग साइटों को अब केवल मलबे के निस्तारण का स्थान नहीं, बल्कि खूबसूरत पार्कों और खेल मैदानों के रूप में विकसित किया जाएगा।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को बिलासपुर में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में इस संबंध में निर्देश जारी किए।

उन्होंने अधिकारियों को आगामी सभी डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) में इन जनहितैषी प्रविधानों को अनिवार्य रूप से शामिल करने को कहा है, ताकि निर्माण कार्य के बाद पर्यावरण संतुलन बना रहे और स्थानीय युवाओं व नागरिकों को बेहतरीन सुविधाएं मिल सकें।

परौर-पद्धर अलाइनमेंट को अंतिम रूप देने के निर्देश

बैठक के दौरान परौर और पद्धर के बीच प्रस्तावित फोरलेन की अलाइनमेंट को शीघ्र अंतिम रूप देने पर बल दिया गया। इसके अलावा शिमला मटौर फोरलेन के लंबित पड़े सभी खंडों के निर्माण कार्य को गति देने और रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण भुभु जोत सुरंग की डीपीआर भी जल्द तैयार करने के आदेश दिए गए हैं, जिससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी को एक नया आयाम मिलेगा।

चंबा भरमौर और शिमला पिंजौर मार्गों पर भी फोकस

जेपी नड्डा ने चंबा भरमौर मार्ग को पूरी तरह से सुदृढ़ करने तथा शिमला पिंजौर नालागढ़ मार्ग के रुके हुए कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

उन्होंने कांगड़ा जिले के जसूर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का कार्य युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक रणधीर शर्मा ने जगातखाना और कलर में फुटब्रिज बनाने का आग्रह किया। इसको लेकर भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

यह भी पढ़ें- Weather: हिमाचल में पश्चिम विक्षोभ सक्रिय, रोहतांग-शिंकुला और बारालाचा में 4 इंच तक ताजा हिमपात; कई जगहों पर हुई बारिश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।