हिमाचल में घर बनाना महंगा, सीमेंट के दाम 10 रुपये प्रति बैग बढ़ेंगे; आपके जिले में क्या रहेगा नया रेट?
हिमाचल प्रदेश में घर बनाना महंगा होने वाला है, क्योंकि सीमेंट कंपनियों ने प्रति बोरी 10 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह वृद्धि इसी सप्ताह से लागू होगी।

हिमाचल प्रदेश में सीमेंट के रेट 10 रुपये प्रति बैग बढ़ेंगे। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
सीमेंट कंपनियों ने हिमाचल में प्रति बोरी 10 रुपये बढ़ाए दाम।
कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर में सीमेंट 430 रुपये प्रति बोरी मिलेगा।
सरकार से सीमेंट कीमतों पर अंकुश लगाने की लोगों की मांग।
संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश में घर बनाने की योजना बना रहे लोगों को सीमेंट कंपनियां महंगाई का एक और झटका देने की तैयारी में हैं। सीमेंट के दाम प्रति बोरी 10 रुपये तक बढ़ेंगे। यह वृद्धि इसी सप्ताह से लागू होगी। अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी ने रविवार को डीलरों को कीमतें बढ़ाने की सूचना भेजी है, लेकिन नई दरें लागू होने की तारीख स्पष्ट नहीं की है।
420 से बढ़ जाएंगे दाम
इससे पहले सीमेंट कंपनियां दो बार पांच-पांच रुपये बढ़ा चुकी हैं। कांगड़ा, मंडी व बिलासपुर में अभी प्रति बोरी दाम 420 रुपये है। वृद्धि के बाद यह लोगों को 430 रुपये में मिलेगी। कुल्लू में दाम करीब 450 रुपये प्रति बैग तक पहुंचने की बात कही जा रही है। महंगाई के कारण पिछले तीन माह से निर्माण कार्यों की गति धीमी है और ग्राहक नए काम शुरू करने से बच रहे हैं।
जीएसटी में राहत के बावजूद बढ़ रहे दाम
स्थानीय निवासी पंकज कुमार, संजय शर्मा, राकेश कुमार और सुरेश ठाकुर ने कहा कि जीएसटी दरों में कटौती के बाद सीमेंट करीब 60 रुपये प्रति बैग सस्ता हुआ था, लेकिन कंपनियां छोटी-छोटी बढ़ोतरी कर कीमतों को फिर पुराने स्तर के करीब ले जा रही हैं। इससे मकान बनाना और मरम्मत कराना महंगा हो रहा है।
तीन बड़ी सीमेंट कंपनियां कर रहीं उत्पादन
उन्होंने सरकार से कंपनियों की मनमानी पर अंकुश लगाने और बार-बार हो रही मूल्यवृद्धि रोकने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रदेश में तीन बड़ी सीमेंट कंपनियों का उत्पादन होने के बावजूद उपभोक्ताओं को सस्ती दरों का लाभ नहीं मिल रहा है।
जोगेंद्रनगर में अल्ट्राटेक के डीलर बलदेव और रितेश ने बताया कि मूल्य बढ़ाने के निर्देश की पुष्टि की है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल विधानसभा सत्र: होली-उतराला सड़क और राशन व्यवस्था के मुद्दे गूंजेंगे, चार विधेयक किए जाएंगे प्रस्तुत