हिमाचल विधानसभा सत्र: होली-उतराला सड़क और राशन व्यवस्था के मुद्दे गूंजेंगे, चार विधेयक किए जाएंगे प्रस्तुत
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सड़क, पुल, राशन वितरण और बिजली व्यवस्था जैसे जनहित के मुद्दे गूंजेंगे। सदन में चार महत्वपूर्ण विधेयक भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का धर्मशाला के तपोवन स्थित परिसर। जागरण
HighLights
सड़क, पुल, राशन वितरण और बिजली व्यवस्था पर चर्चा होगी।
चार महत्वपूर्ण विधेयक सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे।
विभिन्न विधायकों द्वारा जनहित के मुद्दे उठाए जाएंगे।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सड़क, पुल, वन अधिकार, राशन वितरण और ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था से जुड़े मुद्दे सदन में गूंजेंगे। प्रश्नकाल के दौरान विधायक विभिन्न विभागों से विकास कार्यों की प्रगति और जनसमस्याओं को लेकर जवाब मांगेंगे।
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, अल्पकालीन चर्चा और नियम 130 के तहत प्रदेश की प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। सदन की कार्यवाही की शुरुआत शोकोद्गार से होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू साप्ताहिक शासकीय कार्यसूची के संबंध में वक्तव्य देंगे।
ये विधेयक होंगे प्रस्तुत
चार स्वीकृत विधेयक सभा पटल पर रखे जाएंगे। इनमें शिमला की सड़कों का उपयोग करने वालों तथा पैदल चलने वालों के लिए लोक सुरक्षा एवं सुविधा संशोधन विधेयक 2026, भारतीय स्टांप (हिमाचल प्रदेश द्वितीय संशोधन) विधेयक 2026, हिमाचल प्रदेश माल एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक 2026 और हिमाचल प्रदेश युद्ध पुरस्कार (संशोधन) विधेयक 2026 शामिल हैं।
पवन काजल उठाएंगे पुल का मुद्दा
नियम 62 के तहत विधायक पवन काजल हारजलाड़ी से खरटी को जोड़ने वाले पुल के निर्माण में हो रही देरी का मामला उठाएंगे। विधायक राम कुमार मौजा मलपुर में पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित टूरिज्म रिसेप्शन सेंटर को निजी उद्योगपति द्वारा तोड़े जाने से उत्पन्न स्थिति पर सदन का ध्यान आकर्षित करेंगे।
केवल व रणधीर भी उठाएंगे प्रश्न
नियम 63 के तहत विधायक रणधीर शर्मा 16वें वित्त आयोग से पंचायती राज संस्थाओं को प्राप्त धनराशि में से कुछ हिस्सा जल शक्ति विभाग को दिए जाने के मुद्दे पर चर्चा करेंगे। नियम 130 के तहत विधायक केवल सिंह पठानिया प्रदेश की प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन और विधायक जीत राम कटवाल ग्रामीण क्षेत्रों में चरमराती बिजली व्यवस्था में सुधार का प्रस्ताव रखेंगे।
होली-उतराला सड़क
प्रश्नकाल में विधायक किशोरी लाल होली-उतराला सड़क की निर्माण प्रगति पर जवाब मांगेंगे। आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार आनी खड्ड के तटीकरण और सुरक्षा दीवारों के निर्माण को प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी नहीं मिलने का मामला उठाएंगे। चुराह के विधायक डा. हंसराज प्रदेश में संचालित उचित मूल्य की दुकानों और बीते छह माह में समय पर राशन आपूर्ति नहीं होने वाली दुकानों का ब्योरा मांगेंगे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल सरकार का विधानसभा सत्र से पहले प्रशासनिक फेरबदल, 7 HAS अधिकारी बदले; बचित्र सिंह SDM जयसिंहपुर तैनात
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।