विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतांग में कड़ाके की ठंड में जम गई झील, सन्डे को 5000 से अधिक टूरिस्ट पहुंचे बर्फीली वादियों में

Published: Sun, 22 Nov 2026 04:08 PM (GMT+05:30)Updated: Sun, 22 Nov 2026 04:56 PM (GMT+05:30)

रोहतांग दर्रे पर ठंड और बर्फबारी से जमी झील पर्यटकों का मुख्य आकर्षण बन गई है। रविवार को 5000 से अधिक पर्यटक यहां पहुंचे।

रोहतांग पास पर जमी झील के ऊपर मस्ती करते पर्यटक।

रोहतांग पास पर जमी झील के ऊपर मस्ती करते पर्यटक।

HighLights

  1. रोहतांग दर्रे पर जमी झील बनी पर्यटकों का आकर्षण।

  2. रविवार को 5000 से अधिक पर्यटकों ने बर्फ का लुत्फ उठाया।

  3. क्रिसमस-न्यू ईयर पर पर्यटन बढ़ने की उम्मीद, कारोबारियों को लाभ।

जसवंत ठाकुर, मनाली। रोहतांग दर्रे और इसके आसपास के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने और बर्फबारी के साथ जमी झीलों व बर्फीले नजारों ने सैलानियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। मनाली से लगभग 51 किलोमीटर दूर स्थित रोहतांग दर्रे में जमी हुई झील इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन गई है।

जमकर ठोस बर्फ में तब्दील हुई रोहतांग दर्रे की इस झील में पर्यटक फोटोग्राफी का आनंद ले रहे हैं। चारों ओर बर्फ से ढकी चोटियां, नीला आसमान और बीच में शीशे की तरह जमी झील का नजारा पर्यटकों को खूब भा रहा है। पर्यटक झील के किनारे और बर्फीली वादियों में फोटो-वीडियो बनाकर इस यादगार पल को कैमरे में कैद कर रहे हैं।

रविवार को लगा पर्यटकों का मेला

रविवार होने के चलते रोहतांग दर्रे में पर्यटकों का मेला लग गया। रविवार को लगभग 572 पर्यटक वाहनों में पांच हजार से अधिक पर्यटक बर्फ की वादियों को निहारने रोहतांग पहुंचे। सुबह से ही मनाली से रोहतांग की ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। पुलिस और प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए जगह-जगह जवान तैनात किए गए थे।

खिली धूप में बर्फ के बीच मस्ती

रोहतांग के पर्यटन कारोबारी चंद्रसेन ठाकुर, जगदीश, टीकम, वेद राम व रमेश ने बताया कि रविवार को भारी संख्या में पर्यटक रोहतांग पहुंचे और जमी हुई झील में फोटोग्राफी का आनंद लिया। उन्होंने बताया कि दर्रे में दिनभर धूप खिली रही। पर्यटकों ने खिली धूप में बर्फीली खेलों का भी आनंद लिया।

धूप और बर्फ का संगम

दर्रे में रविवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा। दिन भर खिली धूप के बीच ठंडी हवाओं ने पर्यटकों को बर्फ का असली अहसास करवाया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने बर्फ में खेलकर, स्नो बाइक और अन्य गतिविधियों का लुत्फ उठाया। कई पर्यटकों ने तो जमी झील पर खड़े होकर परिवार के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि इस बार सीजन में रोहतांग में बर्फबारी समय पर हुई है, जिससे पर्यटकों की आमद बढ़ी है। चाय-नाश्ते की दुकानों, फोटोग्राफरों और टैक्सी चालकों को भी इससे अच्छा रोजगार मिल रहा है।

क्रिसमस-न्यू ईयर पर बढ़ेगी भीड़

कुल्लू-मनाली में हालांकि मौसम सुहावना चल रहा है, लेकिन पर्यटन कारोबार फिलहाल पूरी तरह गति नहीं पकड़ पा रहा है। होटल कारोबारियों का कहना है कि वीकेंड पर तो पर्यटक आ रहे हैं, लेकिन सप्ताह के बाकी दिनों में अभी भी सन्नाटा रहता है। आने वाले दिनों में क्रिसमस व न्यू ईयर के दौरान पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।

होटलों में क्रिसमस और नववर्ष के लिए बुकिंग भी शुरू हो गई है। पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि बर्फबारी जारी रही तो इस बार विंटर सीजन शानदार रहेगा।

यह भी पढ़ें: Himachal Weather: हिमाचल में पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड, दो जगह माइनस में पहुंचा तापमान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।