मनाली-हरिद्वार लग्जरी बस में हो रही थी नशा तस्करी, STF ने 2.006 KG चरस के साथ पकड़ा हरियाणा का युवक
एसटीएफ मंडी टीम ने मनाली-हरिद्वार रूट पर एक लग्जरी बस से 2.006 किलोग्राम चरस बरामद कर हरियाणा के एक युवक ...और पढ़ें

एसटीएफ टीम ने लग्जरी बस में सवार हरियाणा के युवक से चरस की बड़ी खेप पकड़ी है। (फाेटो एआई से बनाया है)
HighLights
मनाली-हरिद्वार बस से 2.006 किलो चरस बरामद।
हरियाणा के 26 वर्षीय युवक रिंकू ठाकुर को गिरफ्तार किया।
एसटीएफ ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
संवाद सहयोगी, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) मंडी टीम ने देर रात नियमित गश्त और निगरानी के दौरान मनाली-हरिद्वार रूट पर चल रही एक लग्जरी बस से 2.006 किलोग्राम चरस बरामद की है। टीम ने हरियाणा के एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामदगी के बाद आरोपित के खिलाफ एसटीएफ के नवस्थापित पुलिस थाना मंडी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
एसटीएफ ने अचानक तलाशी ली
जानकारी के अनुसार एसटीएफ की टीम ने मनाली-हरिद्वार रूट पर संचालित वोल्वो बस (एचआर-47एच-0011) की तलाशी ली। जांच के दौरान बस में सफर कर रहे एक यात्री के कब्जे से 2.006 किलोग्राम चरस बरामद हुई। टीम ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
हरियाणा निवासी है 26 वर्षीय आरोपित
गिरफ्तार आरोपित की पहचान 26 वर्षीय रिंकू ठाकुर पुत्र महावीर सिंह, निवासी राम चौक, हरि नगर, शिव मंदिर के समीप, मॉडल टाउन, जिला पानीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।
कनेक्शन तलाश रही एसटीएफ
एसटीएफ ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुट गई हैं कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही पूरे सप्लाई नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन (फाइनेंशियल ट्रेल) तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।
क्या कहते हैं डीएसपी
डीएसपी एसटीएफ कुल्लू हेम राज वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए "चिट्टा-मुक्त हिमाचल" जन-आंदोलन के तहत मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
