हिमाचल के लाहुल में भारी बर्फबारी के बीच फंसे पर्यटक वाहन, पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान; एडवायजरी जारी
हिमाचल प्रदेश के लाहुल स्पीति में भारी बर्फबारी से कई वाहन फंस गए, जिसके बाद पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित निकाला।
HighLights
लाहुल स्पीति में भारी बर्फबारी से कई वाहन फंसे।
पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान, लोगों को सुरक्षित निकाला।
पर्यटकों के लिए यात्रा एडवायजरी, कुछ मार्गों पर प्रतिबंध।
जागरण संवाददाता, केलंग। हिमाचल प्रदेश के लाहुल स्पीति में रविवार को भारी बर्फबारी हो रही है। भारी बर्फबारी के कारण कई जगह वाहन फंस गए। जांस्कर घाटी की ओर से शिंकुला पास होकर लाहुल आ रहे कुछ वाहन, जिनमें दोपहिया वाहन और 4×2 वाहन शामिल थे, अचानक बर्फबारी के कारण रास्ते में फंस गए। सूचना मिलते ही लाहौल एवं स्पीति पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए फंसे हुए वाहनों तथा उनमें सवार लोगों को सुरक्षित निकालने में सहायता की।

प्रशासन ने रोकी आवाजाही
प्रतिकूल मौसम एवं सड़क की स्थिति को देखते हुए पर्यटकों तथा आम जनता की सुरक्षा के मद्देनजर दारचा से बारालाचा ला और शिंकुला पास की ओर सभी 4×2 वाहनों एवं दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है।
पुलिस की पर्यटकों व आम जनता से अपील
डीएसपी मुख्यालय केलंग केडी शर्मा ने पर्यटकों वाहन चालकों एवं आम जनता से अपील की है कि प्रतिकूल मौसम के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा करने से बचें। यदि अपरिहार्य कारणों से यात्रा करना आवश्यक हो तो केवल उपयुक्त 4×4 वाहन का ही प्रयोग करें तथा वाहन में स्नो चेन अवश्य रखें।

मौसम की जानकारी लेकर ही करें यात्रा
उन्होंने सभी लोगों से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले सड़क एवं मौसम की स्थिति की जानकारी प्राप्त करें तथा जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा समय-समय पर जारी यातायात एवं मौसम संबंधी एडवायजरी का कड़ाई से पालन करें। प्रतिबंधित मार्गों पर जाने तथा सुरक्षा निर्देशों की अवहेलना करने से बचें।
पांच दिन बारिश और बर्फबारी की संभावना
हिमाचल प्रदेश में आगामी चार से पांच दिन तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ऐसे में पर्यटकों सहित आम लोगों से एहतियात बरतने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें: Himachal Weather 11th October: हिमाचल में दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर, 4 जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
