विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इलेक्ट्रॉनिक दीयों से घर में लगी आग, दीपावली पर सजाया घर जला; पालमपुर में लाखों रुपये का नुकसान

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 07 Nov 2026 12:56 PM (IST)

पालमपुर में दीपावली से पहले एक घर में इलेक्ट्रॉनिक दीयों से आग लग गई, जिससे 3डी पीवीसी दीवार और ड्राइंग ...और पढ़ें

पालमपुर में इलेक्ट्रॉनिक दीये के कारण घर में आग लग गई।

पालमपुर में इलेक्ट्रॉनिक दीये के कारण घर में आग लग गई।

HighLights

  1. पालमपुर में इलेक्ट्रॉनिक दीयों से घर में आग लगी।

  2. 3डी पीवीसी दीवार से शुरू होकर ड्राइंग रूम जला।

  3. 15 लाख का नुकसान, 50 लाख से अधिक की संपत्ति बची।

संवाद सहयोगी, पालमपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के पालमपुर शहर में दीपावली से पहले एक घर में इलेक्ट्रॉनिक दीयों की वजह से आग लग गई। पालमपुर नगर निगम के वार्ड नंबर तीन में पुलिस थाना के समीप रात को यह घटना हुई। आग इलेक्ट्रॉनिक दीयों से 3डी पीवीसी दीवार में लगी और देखते ही देखते ड्राइंग रूम समेत अन्य कमरों में फैल गई। दीपावली पर इलेक्ट्रॉनिक दीयों को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।

लाखों का नुकसान

अग्निशमन विभाग ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में लगभग 15 लाख रुपये की संपत्ति जलने का अनुमान है, जबकि दमकल विभाग ने 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बचाने का दावा किया है। कोई जनहानि नहीं हुई।

3डी पीवीसी दीवार में लगी आग

शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे वार्ड नंबर तीन निवासी धीरज खन्ना पुत्र यशपाल सिंह के मकान की पहली मंजिल पर बने ड्राइंग रूम में अचानक आग भड़क उठी। बताया गया कि दीवार पर जलाए गए इलेक्ट्रानिक दीयों से आग 3डी पीवीसी दीवार में लगी और छत के पीवीसी पैनल तक पहुंच गई। लपटों ने कमरे में रखे सोफा और टेबल को चपेट में लेने के बाद पहली मंजिल के अन्य हिस्सों और साथ लगते कमरों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

एक महीने पहले तैयार ड्राइंग रूम से उठा धुआं

धीरज खन्ना ने बताया कि घटना के समय वह परिवार के साथ पास वाले कमरे में बैठे थे। करीब एक महीने पहले तैयार किए गए ड्राइंग रूम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। जब वह कमरे की ओर गए तो वहां धुआं भरा था और कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। उन्होंने पहले परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला और फिर आसपास के लोगों को सूचना दी। तब तक आग पहली मंजिल के कुछ हिस्से में फैल चुकी थी।

तुरंत हरकत में आया दमकल विभाग

अग्निशमन विभाग को रात करीब 8:40 बजे फोन पर सूचना मिली। लीडिंग फायरमैन उमेश कुमार के नेतृत्व में तीन फायरमैन और एक चालक के साथ एएफटी फायर वाहन करीब नौ बजे घटनास्थल पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। नजदीक स्थित पुलिस थाना और पुलिस रेजिडेंस से पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

पालमपुर अग्निशमन केंद्र के अग्निशमन अधिकारी सुरिंद्र कुमार ने बताया कि आग से करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ, जबकि त्वरित कार्रवाई से 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बचा ली गई। सूचना मिलने के बाद वार्ड नंबर तीन की पार्षद रणजीत कौर और पूर्व पार्षद दिलबाग सिंह भी मौके पर पहुंचे।

यह भी पढ़ें: दीवाली से पहले बिगड़ी हिमाचल की हवा, सरकार ने पटाखों पर जारी किए सख्त निर्देश; बद्दी का AQI 227 पहुंचा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।