पालमपुर में ब्रेक फेल होने से बस दुर्घटनाग्रस्त, ड्राइवर की सूझबूझ से बची 15 जिंदगियां; मंडी-पठानकोट NH पर जाम
पालमपुर में बैजनाथ से आ रही एक निजी बस के ब्रेक फेल होने से वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक की ...और पढ़ें
HighLights
पालमपुर में निजी बस के ब्रेक फेल होने से हादसा।
चालक ने सूझबूझ से बस को खाई में गिरने से बचाया।
बस में सवार सभी 15 यात्री सुरक्षित, मामूली चोटें आईं।
जागरण टीम, पालमपुर। हिमाचल प्रदेश में जिला कांगड़ा के तहत पालमपुर क्षेत्र में बारिश के बीच एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है बस के ब्रेक फेल हो गए थे। ड्राइवर गाड़ी पर नियंत्रण नहीं पा सका और बस सड़क पर पलट गई। बस में सवार लोगों को चोटें आई हैं। किसी की गंभीर हालत होने की जानकारी नहीं है। हादसे के वक्त बस में 15 लोग सवार थे। दीवान कोच की बस बैजनाथ से पालमपुर की तरफ आ रही थी। चालक की सूझबूझ के कारण बस गहरी खाई में जाने से बच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
उतराई पर थी बस
बस बैजनाथ से सवारियां लेकर पालमपुर की ओर जा रही थी। पालमपुर के समीप पहुंचने पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। ढलान वाले मार्ग पर ब्रेक फेल होने से चालक के सामने स्थिति को संभालना चुनौतीपूर्ण हो गया। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को पहाड़ी की तरफ काट दिया, जिससे बस सड़क पर ही पलट गई।
यात्रियों में अफरा-तफरी
बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर राहत की सांस ली। हादसे में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आने की बात कही जा रही है, लेकिन सभी सवारियां सुरक्षित हैं।
पहाड़ी से न टकराती तो खाई जा सकती थी बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि चालक ने समय रहते बस को पहाड़ी की ओर न मोड़ा होता तो बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा सकती थी और हादसा कहीं अधिक गंभीर हो सकता था।
हाईवे पर लगा जाम
बीच सड़क बस पलट जाने के कारण मंडी-पठानकोट हाईवे पर ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल करवाया।
ट्रैफिक इंचार्ज पालमपुर एसआई भगवान सिंह ने बताया कि बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोट नहीं आई हैं।
