'नूरपुर को जिला बनाने के लिए किसी नेता से NOC नहीं चाहिए', बाली पर पठानिया का पलटवार; इनके दूध के दांत नहीं टूटे
पूर्व मंत्री राकेश पठानिया ने नूरपुर को जिला बनाने की वर्षों पुरानी मांग का समर्थन किया है और मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत करने की बात कही है।

नूरपुर में पत्रकारों से बातचीत करते पूर्व मंत्री राकेश पठानिया। जागरण
HighLights
राकेश पठानिया ने नूरपुर को जिला बनाने का समर्थन किया।
विधायक आरएस बाली के बयान पर पठानिया ने पलटवार किया।
नूरपुर को जिला बनाने की मांग वर्षों पुरानी है।
संवाद सहयोगी, नूरपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। नूरपुर को जिला बनाने की वर्षों पुरानी मांग पर भी सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता राकेश पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू नूरपुर को जिला बनाने का फैसला लेते हैं तो वह इसका स्वागत करेंगे।
बुधवार को नूरपुर में पत्रकारों से बातचीत में राकेश पठानिया ने कहा कि जनता लंबे समय से जिला बनाने की मांग कर रही है। अब सरकार को चर्चा के बजाय ठोस निर्णय लेना चाहिए।
बाली के बयान पर निशाना
विधायक आरएस बाली के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि किसी क्षेत्र को जिला बनाने के लिए किसी विधायक से एनओसी लेने की जरूरत नहीं होती। यह सरकार और मुख्यमंत्री के अधिकार क्षेत्र का विषय है।
मुख्यमंत्री बड़ा या विधायक?
राकेश पठानिया ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री बड़ा होता है या विधायक? जब मुख्यमंत्री जिलों के गठन पर कदम उठाने की बात कह रहे हैं तो उनकी ही पार्टी के नेता का सवाल उठाने का क्या औचित्य है? उन्होंने बाली पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके अभी राजनीतिक दूध के दांत भी नहीं टूटे हैं।
नूरपुर को जिला बनाने की मांग नई नहीं
राकेश पठानिया ने कहा कि नूरपुर को जिला बनाने की मांग नई नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी है। प्रेम कुमार धूमल के मुख्यमंत्री रहने के दौरान नूरपुर को राजस्व जिला और परिवहन जिला का दर्जा मिला था। धूमल सरकार ने यहां एडीसी कार्यालय खोलकर जिले की मजबूत नींव रखी थी, लेकिन कांग्रेस के सत्ता में आते ही इसे बंद कर दिया। जयराम ठाकुर सरकार के कार्यकाल में नूरपुर को पुलिस जिला बनाया गया और यहां अतिरिक्त जिला सत्र न्यायालय खोला गया।
हजारों लोगों को सीधा लाभ
नूरपुर में पुलिस जिला पहले से स्थापित है और कई महत्वपूर्ण जिलास्तरीय कार्यालय भी काम कर रहे हैं। ऐसे में इसे पूर्ण राजस्व जिला बनाने की दिशा में सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। नूरपुर के जिला बनने से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ होगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से जनता की भावनाओं, भौगोलिक स्थिति और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जिला गठन पर जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।