यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
PM Modi Himachal Visit: हिमाचल को सौगात के साथ दो जिलों के वोटर को भी साधेंगे मोदी, 10 सीटों पर रहेगा प्रभाव
Narendra Modi Himachal Visit प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज हिमाचल के मतदाताओं को साधेंंगे। विधानसभा चुनाव की दृष्टिगत उनका ऊना व ...और पढ़ें

चंबा, हंसराज सैनी। Narendra Modi Himachal Visit, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज हिमाचल के मतदाताओं को साधेंंगे। विधानसभा चुनाव की दृष्टिगत उनका ऊना व चंबा दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले 20 दिनों में मोदी का हिमाचल के पांचवें जिले का दौरा है। मौसम प्रतिकूल न होने से उनका मंडी का दौर रद हो गया था। भाजयुमो की युवा विजय संकल्प रैली को उन्होंने दिल्ली से वर्चुअली संबोधित किया था। रैली का आयाेजन मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में हुआ था। इसके बाद मोदी पांच अक्टूबर को बिलासपुर आए थे। यहां करीब 3600 करोड़ के चार विकास कार्यों के लोकार्पण व शिलान्यास किए थे। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव कुल्लू में भगवान रघुनाथ जी की रथयात्रा में गवाह बन देवी देवताओं से देश की जनता की सुख समृद्धि की कामना की थी।
आज मिलेंगे 4800 करोड़ की परियोजनाओं के उपहार
आज मोदी ऊना व चंबा में करीब 4800 करोड़ की परियोजनाओं का उपहार देवभूमि की जनता को देंगे। चुनाव की घोषणा होने से पहले मोदी खुद हर जिले के मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। वह 16 अक्टूबर को धर्मशाला आ रहे हैं। चुनाव में आम तौर मोदी प्रदेश में दो या तीन रैलियां करते थे। वह हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते हैं। खुद को यहां का बेटा बताते हैं। अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए वह इस बार हर जिले के मतदाताओं से संपर्क साधने में लगे हुए हैं।
दोनों जिलों की 10 सीटों पर भाजपा की नजर
पीएम मोदी के चंबा व ऊना दौरे को लेकर दोनों जिलों के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। ऊना व चंबा जिले में विधानसभा की दस सीटें हैं। भाजपा को 2017 के विधानसभा चुनाव में 10 में से सात सीटें मिली थी। चंबा की पांच में से चार व ऊना की पांच में से तीन सीटें भाजपा की झोली में आई थी। भाजपा इस बार पिछले चुनाव के प्रदर्शन को बरकरार रखने के लिए प्रयासरत है।
चंबा में मुख्यमंत्री व मोदी का होगा संबोधन
चंबा के चौगान में होने वाली रैली में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का करीब दस मिनट का संबोधन होगा। उसके बाद पीएम मोदी जनता को संबोधित करेंगे। मोदी करीब 12 बजे चंबा पहुंचेंगे।
मौसम अनुकूल, धूप खिली
चंबा में मौसम पूरी तरह अनुकूल है। सुबह ही चटकदार धूप खिल चुकी है। पुलिस जवानों व खुफिया एजेंसियों के जवान अपने अपने मोर्चे पर तैनात हो गए हैं। मोदी के दौरे को देखते हुए दोनों जिलाें में नो फ्लाई जोन घोषित है।
