विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पठानकोट-मंडी हाईवे: मटौर चौक पर अब नहीं सताएगा जाम, प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में किया बदलाव

Published: Thu, 26 Nov 2026 02:57 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 26 Nov 2026 03:02 PM (GMT+05:30)

मटौर चौक पर यातायात जाम से राहत दिलाने के लिए कांगड़ा जिला प्रशासन ने पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर नई यातायात व्यवस्था लागू की है।

मटौर चौक पर यातायात जाम रोकने के लिए प्रशासन ने ट्रैफिक टायवर्ट किया है। प्रतीकात्मक फोटो

मटौर चौक पर यातायात जाम रोकने के लिए प्रशासन ने ट्रैफिक टायवर्ट किया है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. मटौर चौक पर यातायात जाम से मिलेगी राहत।

  2. भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए।

  3. टांडा बाईपास से तहसील चौक तक वन-वे व्यवस्था।

जागरण संवाददता, धर्मशाला। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कच्छियारी से मटौर चौक तक लगने वाले यातायात जाम से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने अब यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। जिला मजिस्ट्रेट कांगड़ा हेमराज बैरवा ने मटौर चौक पर वाहनों के बढ़ते दबाव और आए दिन लगने वाले जाम को देखते हुए डायवर्जन और वनवे व्यवस्था लागू करने का आदेश जारी किया है।

नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी और आगामी आदेश तक जारी रहेगी। दैनिक जागरण भी कच्छियारी बाईपास से मटौर चौक, बगली रोड और गगल में जाम और आम लोगों को होने वाली दिक्कतों के मुद्दे को लगातार प्रमुखता से उठाता रहा है।

वैकल्पिक रूट तय

जारी आदेश के तहत पालमपुर, बैजनाथ और आसपास के क्षेत्रों से कांगड़ा आने वाली लंबी दूरी की बसों तथा भारी वाहनों को मटौर चौक से नहीं गुजरना होगा। इसी तरह कांगड़ा से धर्मशाला जाने वाले ऐसे वाहनों के लिए भी वैकल्पिक रूट निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त टांडा बाईपास से तहसील चौक तक वनवे व्यवस्था लागू की गई है।

लंबे समय से बनी है जाम की समस्या

मटौर चौक पर यातायात जाम की समस्या लंबे समय से बनी है। इस कारण स्थानीय लोगों, दुकानदारों, वाहन चालकों और कांगड़ा से गुजरने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब जिला प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था में बदलाव के आदेश जारी होने से लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

जानिए, किस रूट पर कैसे होगी वाहनों की आवाजाही

  • पालमपुर और बैजनाथ से कांगड़ा आने वाले वाहन : पालमपुर, बैजनाथ और आसपास के क्षेत्रों से कांगड़ा की ओर आने वाली लंबी दूरी की बसों, मल्टी एक्सल बसों, लग्जरी बसों और भारी मालवाहक वाहनों को कच्छियारी बाईपास से कांगड़ा बस स्टैंड की तरफ भेजा जाएगा। इन वाहनों को मटौर चौक से होकर नहीं गुजरना होगा, बल्कि निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से कांगड़ा बस स्टैंड पहुंचना होगा।
  • कांगड़ा से धर्मशाला जाने वाले वाहन : कांगड़ा से धर्मशाला की ओर जाने वाली लंबी दूरी की बसों, मल्टी एक्सल बसों, लग्जरी बसों और भारी मालवाहक वाहनों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किया गया है। ये वाहन कांगड़ा बाईपास से फोरलेन होते हुए कच्छियारी से 53 मील और योल के रास्ते धर्मशाला पहुंचेंगे। इससे मटौर चौक पर भारी वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
  • टांडा बाईपास से तहसील चौक तक वनवे व्यवस्था : प्रशासन की ओर से टांडा बाईपास से फ्लोर मिल, गुप्त गंगा होते हुए तहसील चौक कांगड़ा तक वनवे यातायात व्यवस्था लागू की गई है। इस निर्धारित सड़क पर यातायात एक ही दिशा में चलेगा। विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों को पुलिस विभाग की ओर से चिह्नित वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य सड़क पर आमने-सामने वाहनों के आने और इसके कारण लगने वाले जाम को रोकना है।

पुलिस संभालेगी यातायात व्यवस्था, लगाए जाएंगे साइन बोर्ड और बैरिकेड

जिला मजिस्ट्रेट ने एसएचओ कांगड़ा को नई यातायात व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए आवश्यकतानुसार पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। वाहन चालकों को सही रूट की जानकारी देने के लिए विभिन्न स्थानों पर साइन बोर्ड लगाए जाएंगे और जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग भी की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था में बदलाव के दौरान एंबुलेंस, अग्निशमन वाहनों और अन्य आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। इनके लिए निर्बाध रास्ता उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाएगा।

जिला प्रशासन की इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य मटौर चौक पर अनावश्यक यातायात दबाव कम करना और कांगड़ा शहर में वाहनों की आवाजाही को सुचारू बनाना है। अब देखना होगा कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे मटौर चौक पर लोगों को कितनी राहत मिलती है।

यह भी पढ़ें: मंडी में व्यक्ति ने होटल में पकड़ी पत्नी, महिला बोली काम करने आई थी; स्टाफ बोला- इनका कमरा बुक था 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।