विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1500 रुपये में बनेगा शिमला फोरलेन का टोल पास, 20 KM के दायरे में आने वालों को राहत; मटौर में हाईवे बंद रहेगा

By Dinesh Katoch Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 03 Nov 2026 06:17 PM (IST)Updated: Tue, 03 Nov 2026 06:50 PM (IST)

कांगड़ा प्रशासन ने घट्टा टोल प्लाजा पर स्थानीय निवासियों को वार्षिक पास में राहत दी है, अब 20 किमी के दायरे वालों को 1500 रुपये में पास मिलेगा।

शिमला-मटौर फाेरलेन पर घट्टा टोल प्लाजा। जागरण आर्काइव

शिमला-मटौर फाेरलेन पर घट्टा टोल प्लाजा। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. स्थानीय निवासियों को 20 किमी दायरे में 1500 रुपये वार्षिक टोल पास।

  2. मटौर वैली ब्रिज 3 नवंबर रात से 4 नवंबर सुबह तक बंद रहेगा।

  3. निर्माण कार्य के दौरान जमानाबाद-अब्दुल्लापुर सड़क का उपयोग वैकल्पिक मार्ग।

संवाद सहयोगी, कांगड़ा। शिमला-मटौर फोरलेन पर घट्टा टोल प्लाजा को लेकर चल रहे विरोध के बीच प्रशासन ने समाधान निकाल दिया है। एसडीएम कांगड़ा डा. अंजलि गर्ग ने बताया कि स्थानीय 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले निवासियों को वार्षिक पास की राशि में राहत दी गई है। प्रोजेक्ट डायरेक्टर और उच्च अधिकारियों से बातचीत के बाद स्थानीय निवासियों के लिए वार्षिक पास की फीस 1500 रुपये निर्धारित की गई है।

पात्र निवासी टोल प्लाजा पर जाकर अपना पास बनवा सकते हैं। वहीं, अन्य वाहन चालकों के लिए वार्षिक पास की कीमत 3075 रुपये रहेगी। जल्द ही राजमार्ग यात्रा ऐप के माध्यम से भी वार्षिक पास बनवाने की सुविधा उपलब्ध होगी।

प्रदर्शन का किया था एलान

घट्टा टोल प्लाजा के विरोध में आसपास की पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने विरोध का एलान किया था। इस बीच प्रशासन ने इनके लिए 1500 रुपये में वार्षिक पास बनाने की राहत प्रदान की है।

मटौर वैली ब्रिज रहेगा बंद

उधर, पठानकोट-मंडी हाईवे पर मटौर में वैली ब्रिज के निर्माण कार्य के चलते 3 नवंबर की रात 11 बजे से 4 नवंबर की सुबह 7 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। एसडीएम कांगड़ा डा. अंजलि गर्ग ने बताया कि इस दौरान एनएच, विद्युत विभाग और पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से कार्य करेंगी। सुरक्षा और निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

इस अवधि में आवागमन के लिए जमानाबाद-अब्दुल्लापुर सड़क का वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल करें। उन्होंने बताया कि पुल पर निर्माण कार्य के साथ विद्युत लाइन से संबंधित कार्य भी किया जाएगा। 

सुबह 7 बजे वनवे शुरू होगी आवाजाही

एसडीएम ने बताया कि 4 नवंबर को सुबह 7 बजे के बाद पुल को वाहनों की आवाजाही के लिए वन-वे खोला जाएगा और दिनभर यातायात व्यवस्था इसी तरह रहेगी। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि निर्माण कार्य जल्द पूरा हो सके और लोगों को रोजाना पेश आने वाली यातायात संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।

यह भी पढ़ें: 'शाहपुर में अंडरपास और DSP ट्रैफिक की हो तैनाती', गगल एयरपोर्ट पर CM सुक्खू से विधायक केवल ने उठाई मांगें 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।