विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांगड़ा के विकास ने नशा तस्करी से जुटा ली 78.26 लाख की प्रॉपर्टी, SP के निर्देश पर पुलिस सब कुछ जब्त करेगी

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:40 PM (IST)

कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्कर विकास शर्मा उर्फ किंग की 78.26 लाख रुपये की अवैध संपत्ति जब्त करने की तैयारी कर ली है। यह कार्रवाई उसके खिलाफ दर्ज सात एनडीपीएस मामलों के बाद की गई है।

जिला कांगड़ा के एसपी कुलभूषण वर्मा। जागरण आर्काइव

जिला कांगड़ा के एसपी कुलभूषण वर्मा। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. नशा तस्कर विकास शर्मा की संपत्ति जब्त होगी।

  2. पुलिस ने 78.26 लाख रुपये की संपत्ति पहचानी।

  3. एनडीपीएस एक्ट के तहत सात मामले दर्ज।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। जिला कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करों पर नकेल कस दी है। अब तस्करों को जेल भेजने के साथ-साथ अवैध धंधे से अर्जित संपत्ति भी जब्त की जा रही है। पुलिस ने नशा तस्करी के आरोपित की 78.26 लाख रुपये की संपत्ति जब्त करने की तैयारी कर ली है। संपत्तियों की वित्तीय जांच करवाने के बाद इन्हें जब्त व फ्रीज करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। अब मामला सक्षम प्राधिकारी को भेज दिया है।

पुलिस ने कांगड़ा थाना के अंतर्गत आने वाले आरोपित विकास शर्मा उर्फ किंग निवासी नटेहड़ की 78 लाख 26 हजार 306 रुपये मूल्य की संदिग्ध चल-अचल संपत्तियों और वित्तीय परिसंपत्तियों का पता लगाया गया है।

नशा तस्करी के 7 मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सात अलग-अलग मामले दर्ज है। थाना प्रभारी कांगड़ा ने आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत विस्तृत वित्तीय जांच की। इस दौरान नशीले पदार्थों की कथित अवैध तस्करी और बिक्री से अर्जित आय के माध्यम से खरीदी गई संपत्तियों और वित्तीय संसाधनों की जानकारी सामने आई। 

जांच में इन संपत्तियों का कुल मूल्य 78,26,306 रुपये आंका गया है। इसके बाद थाना प्रभारी ने विस्तृत जांच रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक जिला कांगड़ा को सौंपी। 

एसपी ने संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया तेज की

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कांगड़ा ने 18 नवंबर को संबंधित संपत्तियों को जब्त और फ्रीज करने के संबंध में कानूनी प्रक्रिया के तहत विचार और आगामी कार्रवाई के लिए मामला सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक को भेज दिया है।

एसपी की सख्त चेतावनी

जिला कांगड़ा पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई केवल आरोपितों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। इस अवैध धंधे से जुड़े आर्थिक नेटवर्क को भी समाप्त करना प्राथमिकता है। इसी रणनीति के तहत नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों और वित्तीय संसाधनों की पहचान कर उन्हें कानून के तहत जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों और उनके वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ वित्तीय जांच और कानूनी कार्रवाई भी लगातार की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल पटवारी भर्ती परीक्षा में नकल: सेंटर में अभ्यर्थी के पास कैसे पहुंचा मोबाइल? स्टाफ की भूमिका पर भी सवाल 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।