होली-उतराला सड़क निर्माण का कितना काम बाकी? विधायक किशोरी लाल के प्रश्न पर सरकार ने दी पूरी जानकारी
सरकार ने बैजनाथ विधायक किशोरी लाल के प्रश्न पर होली-उतराला सड़क निर्माण की विस्तृत जानकारी दी है। 71 किलोमीटर लंबी इस सड़क के विभिन्न चरणों में काम जारी है।

होली से उतराला सड़क का निर्माण कार्य जारी है। जागरण आर्काइव
HighLights
होली-उतराला सड़क के तीसरे चरण की डीपीआर तैयार की जा रही है।
भरमौर मंडल में 17 किलोमीटर सड़क का निर्माण और टारिंग पूरी।
नाबार्ड से 10 किलोमीटर सड़क निर्माण की स्वीकृति अभी अपेक्षित है।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। होली-उतराला मार्ग के तीसरे चरण की डीपीआर तैयार की जा रही है। इस चरण में 19 से 32 किलोमीटर तक सुराही पास की ओर सड़क निर्माण विधायक प्राथमिकता 2026-27 में प्रस्तावित है। बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल के लिखित प्रश्न के जवाब में सरकार ने यह जानकारी दी।
होली-उतराला सड़क की कुल लंबाई 71 किलोमीटर है। होली से सुराही पास तक 39 किलोमीटर सड़क भरमौर मंडल और उतराला से सुराही पास तक 32 किलोमीटर सड़क बैजनाथ मंडल के अधीन है।
होली से 17 किलोमीटर निर्माण पूरा
भरमौर मंडल में होली से लाके वाली माता मंदिर तक शून्य से 17 किलोमीटर हिस्से का निर्माण स्टेट हेड के तहत पूरा हो चुका है। इस हिस्से में टारिंग भी पूरी है।
3 किमी कटिंग पूरी, बन रहा पुल
लाके वाली माता मंदिर से सुराही पास तक करीब 22 किलोमीटर सड़क में 17 से 19 किलोमीटर तक कटिंग पूरी की गई है। सुराही नाले पर 40 मीटर स्पैन के स्टील ट्रस पुल का निर्माण जारी है।
10 किमी निर्माण के लिए स्वीकृति बाकी
माता मंदिर से गांव याडा तक 10 किलोमीटर सड़क (17 से 27 किमी) के निर्माण के लिए 18.21 करोड़ रुपये की डीपीआर हिमाचल के सलाहकार (योजना) ने तीन मई 2025 को स्वीकृति के लिए नाबार्ड को भेजी थी। इसकी स्वीकृति अभी अपेक्षित है।
उतराला से बकलूड तक 13 किमी काम पूरा
बैजनाथ मंडल के हिस्से में निर्माण तीन चरणों में प्रस्तावित है। पहले चरण में उतराला से बकलूड तक 0/0 से 13 किलोमीटर के लिए 1422.18 लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी और काम पूरा हो चुका है।
7 किलोमीटर काम बाकी
दूसरे चरण में 13 से 19 किलोमीटर तक सड़क और पुल निर्माण के लिए नाबार्ड ने 25 सितंबर 2025 को 921.31 लाख रुपये स्वीकृत किए। मुख्य अभियंता कार्यालय, मंडी जोन ने 31 जनवरी 2026 को 845.44 लाख रुपये की तकनीकी स्वीकृति दी। काम तीन अगस्त को ठेकेदार को आवंटित हुआ। इस चरण में 0.410 किमी सड़क बन चुकी है और बाकी काम जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।