हिमाचल विजिलेंस टीम ने 20 हजार रिश्वत लेते पकड़ा पुलिस चौकी प्रभारी, रिपोर्ट तैयार करने के बदले मांगी थी रकम
हिमाचल विजिलेंस टीम ने नूरपुर पुलिस के उपनिरीक्षक भजन जरयाल को ₹20,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

हिमाचल विजिलेंस ने पुलिस चौकी प्रभारी सदवां को रिश्वत लेते पकड़ा है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
विजिलेंस ने उपनिरीक्षक भजन जरयाल को रिश्वत लेते पकड़ा।
नूरपुर के सदवां चौकी प्रभारी पर ₹20,000 रिश्वत का आरोप।
मामले की रद्दीकरण रिपोर्ट के लिए मांगी थी रकम।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो विजिलेंस धर्मशाला की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने हिमाचल पुलिस के एक उपनिरीक्षक यानी एसआई को 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपित पुलिस अधिकारी की पहचान भजन जरयाल के रूप में हुई है, जो पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत सदवां चौकी में प्रभारी के पद पर तैनात है।
विजिलेंस ने शिकायत पर लिया एक्शन
जानकारी के अनुसार नूरपुर तहसील के निवासी गौरव सिंह ने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके खिलाफ दर्ज एक मामले में रद्दीकरण रिपोर्ट तैयार करने में मदद करने के बदले एसआई भजन जरयाल उनसे रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपित अधिकारी ने शुरुआत में 30 हजार की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 20 हजार तय हुई।
सुनियोजित जाल बिछाकर रकम सहित पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद धर्मशाला स्थित राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने मामले का सत्यापन किया और सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। मौके पर ही आरोपित के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई। इस मामले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस थाना धर्मशाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हिरासत में लिया अधिकारी
गिरफ्तार पुलिस अधिकारी को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आगे की जांच राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम द्वारा की जा रही है।
यह भी पढ़ें: '6000 करोड़ लोन भाजपा सरकार के खाते में डाला', ऋण पर CM सुक्खू और जयराम ठाकुर में तकरार