विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में नवगठित पंचायतों को फर्नीचर खरीदने के लिए मिलेंगे 50-50 हजार रुपये, सरकार ने स्वीकृत किया बजट

By Dinesh Katoch Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 04 Oct 2026 04:18 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश सरकार ने नवगठित पंचायतों को कार्यालय संबंधी आवश्यक फर्नीचर खरीदने के लिए 50-50 हजार रुपये का बजट स्वीकृत किया है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. नवगठित पंचायतों को कार्यालय फर्नीचर हेतु 50 हजार रुपये प्रति पंचायत।

  2. कांगड़ा जिले की 43 पंचायतों को कुल 21.50 लाख रुपये का अनुदान।

  3. कार्यालय व्यवस्थाएं सुनिश्चित होंगी, दैनिक कामकाज सुचारु बनाने में मदद।

संवाद सहयोगी, जसवां परागपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश की नवगठित पंचायतों को कार्यालय संबंधी आवश्यक फर्नीचर खरीदने के लिए सरकार ने बजट स्वीकृत किया है। 50 हजार रुपये प्रति पंचायत की दर से अनुदान मिलेगा। राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत वित्त वर्ष 2026-27 के बजट से नवगठित पंचायतों में पंचायतों को कार्यालय व्यय मद में राशि जारी होगी। इस राशि का उद्देश्य नवगठित पंचायतों में कार्यालय की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना और पंचायतों के दैनिक कामकाज को सुचारू बनाना है।

कांगड़ा की 43 पंचायतों को मिलेगा बजट

जिला कांगड़ा की पंचायतों के लिए कुल 21 लाख 50 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। जिले के विभिन्न विकास खंडों की कुल 43 ग्राम पंचायतों के लिए प्रति पंचायत 50 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। इस धनराशि से पंचायत कार्यालयों के लिए आवश्यक फर्नीचर खरीदा जा सकेगा। संबंधित राशि जिला कोष के माध्यम से सभी पात्र ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित कर दी गई है।

विकास खंडवार पंचायतों के नाम

धर्मशाला विकास खंड की लैहसर, चतेहड, बणी और कस्बा ग्राम पंचायतों को फर्नीचर खरीदने के लिए अनुदान दिया गया है। देहरा विकास खंड की बरवाड़ा, कुहरू, सूरजपुर और नंदपुर ग्राम पंचायतों को भी इस योजना में शामिल किया गया है।

इंदौरा विकास खंड की दियोठी, गंगथ-2, राजगीर, मलोट और धंतोल ग्राम पंचायतों को सहायता राशि स्वीकृत की गई है। सुराणी विकास खंड की धाढी, डलोह, पियां दा घट्टा, फखलोह, जजवाड, भटोली कुटियारा, रोहाड़ा, बाबा पंजा और अंब सलेतर ग्राम पंचायतों को भी इस सूची में स्थान दिया गया है।

नगरोटा सूरियां विकास खंड की हरनोटा-2, बलदोआ और भगवाल ग्राम पंचायतों को फर्नीचर खरीदने के लिए धनराशि निर्धारित की गई है। पालमपुर विकास खंड की पुरानी पलम, बाडी खास, मट्ट और टंवर ग्राम पंचायतों को भी इसका लाभ मिलेगा।

पंचरुखी विकास खंड की मझेनू और परनोह ग्राम पंचायतों के लिए भी अनुदान स्वीकृत किया गया है। फतेहपुर विकास खंड की छब्बड और समकड़ ग्राम पंचायतों को सहायता राशि दी गई है। रैत विकास खंड की सल्ली , सकऊ और गुब्बर ग्राम पंचायतों को भी इस योजना के अंतर्गत शामिल किया गया है।

बैजनाथ विकास खंड की नगेहड़ ग्राम पंचायत को फर्नीचर खरीदने के लिए राशि स्वीकृत की गई है। बडोह विकास खंड की बडोह ग्राम पंचायत को भी इसका लाभ मिलेगा। कांगड़ा विकास खंड की हलेडखुर्द, लंबागांव विकास खंड की कछाल जगियां, नूरपुर विकास खंड की सुजंता, परागपुर विकास खंड की सदवां तथा नगरोटा बगवां विकास खंड की हटवास झिकला ग्राम पंचायत को भी इस अनुदान सूची में शामिल किया गया है।

उपयोगिता प्रमाणपत्र देना होगा

पत्र में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पंचायतें हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (वित्त, बजट, लेखा, लेखापरीक्षा, कार्य, कराधान और भत्ते) नियम, 2002 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही फर्नीचर की खरीद करें। इसके साथ ही खरीदी गई सामग्री के उपयोग और अनुदान राशि की उपयोगिता सुनिश्चित करते हुए उपयोगिता प्रमाणपत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर अर्थात 31 मार्च 2027 से पहले प्रेषित करना होगा।

क्या कहते हैं जिला पंचायत अधिकारी

जिला पंचायत अधिकारी कांगड़ा सचिन ठाकुर ने पंचायती राज विभाग के सचिव द्वारा दी गई स्वीकृति का हवाला देते हुए बताया कि इस सहायता से नवगठित ग्राम पंचायतों में कार्यालय संबंधी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और पंचायतों के प्रशासनिक कार्यों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश की निर्विरोध चुनी 136 पंचायतों को 25-25 लाख की प्रोत्साहन राशि, सरकार ने जारी किया बजट