पठानकोट से जोगेंद्रनगर तक जल्द चलेगी ट्रेन, चक्की पुल ध्वस्त होने से 4 साल से बंद है सेवा; खाली रेल का होगा ट्रायल
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार ने पठानकोट से जोगेंद्रनगर तक कांगड़ा घाटी रेल ट्रैक पर सीधी रेलगाड़ियां फिर से ...और पढ़ें

कांगड़ा घाटी रेल सेवा जल्द बहाल होने की उम्मीद है। जागरण आर्काइव
HighLights
महाप्रबंधक ने चक्की रेलवे पुल का निरीक्षण किया।
अगस्त 2022 से पठानकोट-जोगेंद्रनगर सेवा बंद है।
खाली ट्रेन से ट्रायल के बाद सेवा बहाल होगी।
जागरण टीम, नूरपुर/नगरोटा सूरियां। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा घाटी रेल ट्रैक पर पठानकोट से जोगेंद्रनगर तक सीधी रेलगाड़ियां चलाने के प्रयास शुरू हो गए हैं। सोमवार को महाप्रबंधक (उत्तर रेलवे) अशोक कुमार ने चक्की रेलवे पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को पुल के कार्यों को शीघ्र पूरा करने के दिशानिर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने पठानकोट जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन मास्टर कार्यालय, बुकिंग कार्यालय, रिटायरिंग रूम व स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का जायजा लिया।
उन्होंने प्रमुख रेलवे स्टेशनों नूरपुर रोड सहित पुलों, स्टेशनों और सिग्नल प्रणालियों का निरीक्षण भी किया। माना जा रहा है कि शीघ्र रेलगाड़ियों का संचालन पठानकोट से जोगेंद्रनगर तक शुरू हो जाएगा।
2022 में धवस्त हो गए थे चक्की पुल के पिल्लर
चक्की पुल के दो पिल्लर अगस्त 2022 में मूसलधार वर्षा के कारण आई बाढ़ के कारण ध्वस्त हो गए थे और तबसे पठानकोट से जोगेंद्रनगर के बीच सीधी रेलसेवा बंद है।
कांगड़ा से पठानकोट तक सूने पड़े हैं रेलवे स्टेशन
वर्तमान में बैजनाथ से कांगड़ा तक ही रेलगाड़ियां आ रही हैं। कांगड़ा से आगे पठानकोट तक सभी रेलवे स्टेशन सूने पड़े हैं। लोगों को रेल सेवा ठप होने से परेशानी झेलनी पड़ रही है।
खाली रेलगाड़ी से किया जाएगा ट्रायल
अशोक कुमार ने बताया कि चक्की खड्ड रेलवे पुल सहित पठानकोट से कांगड़ा तक ट्रैक का निरीक्षण करने के तकनीकी इंजीनियर को आदेश दिए हैं। इसके बाद चक्की रेल पुल सहित ट्रैक का खाली रेलगाड़ी से ट्रायल किया जाएगा। सफल ट्रायल रिपोर्ट के बाद रेलगाड़ियां बहाल कर दी जाएंगी।
26 जनवरी तक रेलगाड़ियों की बहाली के सवाल पर महाप्रबंधक ने कहा कि अभी पक्का नहीं कहा जा सकता है। ट्रायल के बाद ही रेलगाड़ियां बहाल हो पाएंगी। इस अवसर पर जम्मू मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार भी मौजूद रहे।
