वीरभद्र सिंह के स्वास्थ्य में सुधार, दो दिन बाद लौटेंगे शिमला; पूर्व मंत्री सुखराम ने भी जाना हाल
Virbhadra singh Health Update पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री पंडित सुखराम आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलने पीजीआइ चंडीगढ़ पहुंचे।
धर्मशाला, जेएनएन। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री पंडित सुखराम आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलने पीजीआइ चंडीगढ़ पहुंचे। दोनों नेताओं ने एक साथ बैठककर काफी देर चर्चा की। सुखराम ने वीरभद्र सिंह का कुशलक्षेम जाना व जल्द स्वस्थ्ा होने की कामना भी की। वीरभद्र सिंह के पुत्र एवं शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने दोनों दिग्गजों की मुलाकात की फोटो फेसबुक पेज पर अपलोड कर यह जानकारी साझा की। विक्रमादित्य सिंह ने लिखा है कि सभी देवी देवता और आप सब के प्यार और प्रार्थना से वीरभद्र सिंह की सेहत में बहुत सुधार है और वह सोमवार को शिमला लौटेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की तबीयत बिगड़ गई थी, उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। इस कारण उन्हें 19 सितंबर को पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया था। चिकित्सकों ने तर्क दिया था कि शिमला में धुंध ज्यादा होने के कारण सांस लेने में और दिक्कत न हो इस कारण उन्हें रेफर किया गया है। वीरभद्र सिंह की छाती में भी इन्फेक्शन हो रहा था, लेकिन अब उनके स्वास्थ्य में काफी सुधार है। 88 वर्षीय वीरभद्र सिंह कुछ महीनों से अस्वस्थ हैं, तीन महीनों के दौरान उन्हें दो बार अस्पताल में भर्ती किया गया है।