चैतड़ू में STPI सेंटर शुरू, 400 युवाओं को मिलेगा रोजगार; CM सुक्खू बोले- स्टार्टअप उद्यमियों को मिलेगा प्रोत्साहन
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा के चैतड़ू में 18.29 करोड़ रुपये की लागत से एसटीपीआई सेंटर का उद्घाटन किया।

चैतड़ू में एसटीपीआई सेंटर के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू व अन्य। जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री सुक्खू ने चैतड़ू, कांगड़ा में एसटीपीआई सेंटर का उद्घाटन किया।
18.29 करोड़ रुपये लागत, 350-400 लोगों को रोजगार मिलेगा।
आईटी क्षेत्र को मजबूत करेगा, स्टार्टअप उद्यमियों को प्रोत्साहन देगा।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले में गगल एयरपोर्ट के समीप चैतड़ू में 18.29 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) सेंटर का उद्घाटन किया। इस केंद्र के माध्यम से अगले पांच वर्षों में 15 से 20 नए उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ 350 से 400 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
एसटीपीआई सेंटर का उद्देश्य प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के क्षेत्र को मजबूत करना, निवेश आकर्षित करना और स्टार्टअप व नए उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
ये सुविधाएं होंगी उपलब्ध
यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्लग एंड प्ले इंक्यूबेशन सेंटर विकसित किया गया है। इसमें 106 प्लग एंड प्ले सीटें, चार प्रबंधक केबिन और 5031 वर्ग फुट का अतिरिक्त इंक्यूबेशन स्पेस उपलब्ध करवाया गया है। इसके अलावा 40 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेंस व मीटिंग रूम, नेटवर्क ऑपरेशन सेंटर, रिसेप्शन एरिया और अतिथि कक्ष सहित अन्य सुविधाएं भी स्थापित की गई हैं।
आधुनिक सुविधाएं और नए अवसर मिलेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा में एसटीपीआई सेंटर स्थापित होने से स्थानीय उद्यमियों और आईटी क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों को प्रदेश में ही आधुनिक सुविधाएं और नए अवसर मिलेंगे। प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और उन्हें नौकरी की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह केंद्र क्षेत्र में आईटी गतिविधियों, नवाचार और उद्यमिता के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा।
ये उपस्थित रहे
इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य अनुराग शर्मा, विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार गोकुल बुटेल, मनोज ठाकुर, देवेंद्र जग्गी, आशीष सिंहमार, निदेशक डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस अभिषेक वर्मा, उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।