Kangra News: कांगड़ा में भारी बारिश व भूस्खलन, शाहपुर में 11 मार्गों पर आवाजाही बंद, जान लीजिए अन्य सड़कों की स्थिति
Landslide in himachal कांगड़ा जिले में भारी बारिश और भूस्खलन से कई सड़कें बंद हो गई हैं जिससे यातायात बाधित हुआ है। शाहपुर मंडल में ही 11 सड़कें अवरुद्ध हैं जबकि धर्मशाला और अन्य क्षेत्रों में भी संपर्क मार्ग प्रभावित हैं। लोक निर्माण विभाग सड़कों को बहाल करने में जुटा है। उपायुक्त ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

नीरज व्यास, धर्मशाला। Landslide in himachal, जिला कांगड़ा में लगातार हो रही बारिश से सभी खड्डें व नाले उफान पर हैं। लगातार हो रही बारिश ने वाहनों के पहिये भी रोक दिए हैं। कई जगह सड़क पर भूस्खलन होने से यातायात बंद है, जिन्हें बहाल करने में लोक निर्माण विभाग जुटा हुआ है। अकेले लोक निर्माण विभाग शाहपुर मंडल में ही 11 सड़कें बाधित हैं। इसके अलावा धर्मशाला व जिला कांगड़ा के कई संपर्क मार्ग बाधित हैं।
बताया जा रहा है कि भनाला से दरीणी मार्ग, दरीणी से वोह मार्ग बोह से लंब मार्ग बंद हो गया है। इसके अलावा रिड़कमार से कुठारना मार्ग भूस्खलन के कारण बाधित है। भितलू से कुट मार्ग व चड़ी से घेरा मार्ग भी बंद हो गया है। करेरी से कुठारना मार्ग व रिड़कमार से कुठारना मार्ग बंद है।
रिड़कमार से घटराड़ा मार्ग व रैत से सलाेल मार्ग तथा शाहपुर से चकवन लपियाना मार्ग भूस्खलन के कारण बाधित हो गया है। वहीं सुबह धर्मशाला सराह मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया था, यहां पर भारी भूस्खलन के कारण मार्ग बंद हो गया था। जिसके चलते सुबह सब्जियां, दूध अंडा ब्रेड लाने व ले जाने वाले वाहनों सहित अन्य लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा है।
बहाल हैं ये मार्ग
राष्ट्रीय राजमार्ग पठानकोट-मंडी, डमटाल से कंडवाल, नूरपुर से सदवां लाहड़ू, नूरपुर से जवाली, नूरपुर रैहन फतेहपुर व धमेटा, जवाली से 32 मील वाया कुठेड़ मार्ग, जसूर से इंदौरा वाया गंगथ मार्ग व रे बडूखर इंदौरा मार्ग बहाल हैं। यहां पर आवाजाही शरू हो गई है।
अति आवश्यक न हो तो यात्रा न करें
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि अति आवश्यक न हो तो यात्रा न करें। जिला प्रशासन राहत दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में बहाली में जुटे हैं। लोगों से अपील है कि अनावश्यक यात्रा से बचें व सुरक्षित रहें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।