ढगवार मिल्क प्लांट से चार जिलों के किसान होंगे लाभान्वित, रोजाना 1.5 लाख लीटर दूध का होगा प्रसंस्करण
ढगवार में निर्माणाधीन अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र जनवरी 2027 में लोकार्पित होगा, जिससे कांगड़ा सहित चार जिलों के हजारों दुग्ध उत्पादकों को लाभ मिलेगा।

ढगवार मिल्क प्लांट का निरीक्षण करते सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण
HighLights
ढगवार दुग्ध संयंत्र जनवरी 2027 में होगा लोकार्पित, 300 करोड़ लागत।
कांगड़ा सहित चार जिलों के हजारों दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा लाभ।
संयंत्र प्रतिदिन 1.5 लाख लीटर दूध संसाधित कर 'हिम' उत्पाद बनाएगा।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। जिला कांगड़ा के ढगवार में निर्माणाधीन अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र का लोकार्पण जनवरी 2027 में होगा। करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस संयंत्र से कांगड़ा, ऊना, चंबा और हमीरपुर जिलों के हजारों दुग्ध उत्पादक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को संयंत्र का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को बाकी काम में तेजी लाने और परियोजना तय समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि संयंत्र में प्रतिदिन 1.5 लाख लीटर दूध का प्रसंस्करण किया जा सकेगा। यहां मोजरेला चीज, पनीर, दही, घी और मक्खन समेत विभिन्न दुग्ध उत्पाद बनाए जाएंगे। इन्हें ‘हिम’ ब्रांड के तहत बाजार में उतारा जाएगा। परियोजना का परीक्षण कार्य जारी है और जल्द ही उत्पादन शुरू होगा।
दुग्ध समितियों से जुड़ेंगे अधिक किसान
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दुग्ध सहकारी समितियों के पंजीकरण की प्रक्रिया तेज करने और अधिक किसानों को इनसे जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संयंत्र के संचालन के लिए पर्याप्त मात्रा में दूध उपलब्ध होना जरूरी है। प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों व पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाना और अधिक पैसा सीधे उनके हाथों में पहुंचाना सरकार का प्रयास है।
डिजिटलीकरण के लिए 1.25 करोड़, संचालन के लिए 29.49 करोड़
मुख्यमंत्री ने कहा कि संयंत्र के डिजिटलीकरण के लिए प्रदेश सरकार 1.25 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाएगी। इसके सुचारू और प्रभावी संचालन के लिए 29.49 करोड़ रुपये की कार्यशील पूंजी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ढगवार दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र चार जिलों के दुग्ध उत्पादकों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। इससे क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे।