कम समय और पानी में ज्यादा पैदावार देगा यह खास आलू, हमीरपुर पहुंचा 65 क्विंटल बीज; 90 दिन में तैयार होगी फसल
हमीरपुर में कुफरी ज्योति आलू की 65 क्विंटल बीज पहुंच गया है, जो किसानों के लिए कम समय और कम पानी में अधिक पैदावार का बेहतर विकल्प है।

कुफरी ज्योति आलू बीज से कम समय में ज्यादा पैदावार होगी।
HighLights
कुफरी ज्योति आलू 85-90 दिनों में तैयार, कम पानी में अधिक उपज।
हमीरपुर पहुंचा 65 क्विंटल बीज, किसानों को मिलेगा बेहतर विकल्प।
एक हेक्टेयर में 200-250 क्विंटल तक पैदावार संभव, लागत कम।
रवि ठाकुर, हमीरपुर। कम समय में अच्छी पैदावार लेने की चाह रखने वाले किसानों के लिए कुफरी ज्योति आलू की किस्म बेहतर विकल्प बन सकती है। इस किस्म की खासियत है कि इसकी फसल महज ढाई से तीन महीने में तैयार हो जाती है। वहीं, कम सिंचाई में भी अच्छी पैदावार मिलने से किसानों की पानी और खेती की लागत कम हो सकती है।
कृषि विभाग हमीरपुर के पास इस किस्म का 65 क्विंटल बीज पहुंच गया है, जिसे जिले के छह ब्लॉक के कृषि विक्रय केंद्रों और सेल सेंटर में मांग अनुसार भेजा गया है। आलू की बिजाई का समय नजदीक आने के साथ ही किसान बीज की खरीद में जुटने लगे हैं। कुफरी ज्योति किस्म की जिले में अच्छी मांग रहती है।
1600 रुपये में बैग
किसान अपने नजदीकी कृषि विक्रय केंद्र से 50 किलो का बैग 1600 रुपये में खरीद सकते हैं। हालांकि, इस बार किसानों को बीज पर कोई सब्सिडी नहीं मिलेगी। उन्हें पूरी कीमत चुकाकर ही बीज खरीदना होगा।
कम जगह में अधिक उत्पादन
कुफरी ज्योति आलू की फसल करीब 85 से 90 दिनों में तैयार हो जाती है। इसकी एक खासियत यह भी है कि कम जगह में अधिक उत्पादन लेने की संभावना रहती है। एक हेक्टेयर भूमि में करीब 25 क्विंटल बीज की बिजाई कर अनुकूल परिस्थितियों में 200 से 250 क्विंटल तक पैदावार प्राप्त की जा सकती है।
सिंचाई की भी कम जरूरत
कम सिंचाई की जरूरत और कम अवधि में फसल तैयार होने से किसानों को अगली फसल की तैयारी के लिए भी समय मिल जाता है। किसान दिसंबर के दूसरे सप्ताह के बाद इसकी बिजाई कर सकेंगे।
क्या कहते हैं अधिकारी
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीडी शर्मा ने बताया कि कुफरी ज्योति आलू का 65 क्विंटल बीज जिले में पहुंच चुका है। इसे छह ब्लॉक के कृषि विक्रय केंद्रों और सेल सेंटर में मांग के अनुसार उपलब्ध करवा दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।