शादी की तैयारियों के बीच घर पर पसरा मातम, हिमाचल निवासी 26 वर्षीय सेना के जवान का उत्तराखंड में निधन
हमीरपुर के रुठानी गांव में भारतीय सेना के जवान अक्षय कुमार की शादी से 20 दिन पहले जोशीमठ में असामयिक ...और पढ़ें

सेना के जवान अक्षय कुमार का फाइल फोटो
HighLights
भारतीय सेना के जवान अक्षय कुमार की जोशीमठ में असामयिक मौत।
हमीरपुर में शादी से ठीक 20 दिन पहले हुई यह दुखद घटना।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार और गांव में मातम।
संवाद सहयोगी, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक परिवार की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। भारतीय सेना में तैनात इकलौते बेटे की मौत की खबर से घर में मातम पसर गया। भोरंज उपमंडल की नंधन पंचायत के रुठानी निवासी 26 वर्षीय अक्षय कुमार की उत्तराखंड के जोशीमठ में असामयिक मौत हो गई। जिस घर में कुछ दिन बाद विवाह की शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब बेटे की पार्थिव देह आने का इंतजार हो रहा है।
अक्षय कुमार भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे और वर्तमान में उनकी तैनाती जोशीमठ में थी। परिवार के अनुसार उनकी मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जवान की पार्थिव देह को गांव पहुंचाने में एक से दो दिन का समय लग सकता है।
3 दिसंबर को थी शादी
अक्षय की शादी आगामी तीन दिसंबर को तय थी। घर में विवाह को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। परिवार के सदस्य बेटे की शादी को लेकर बेहद उत्साहित थे और रिश्तेदारों के आने-जाने की तैयारियां कर रहे थे। लेकिन शादी से महज 20 दिन पहले आई इस दुखद खबर ने परिवार के सारे सपने बिखेर दिए।
माता-पिता ने जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजाने की तैयारी की थी, अब उसी की अंतिम विदाई की घड़ी का इंतजार करना पड़ रहा है।
2020 में हुए थे सेना में भर्ती
अक्षय कुमार 16 दिसंबर, 2020 को भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। देशसेवा का जज्बा रखने वाले अक्षय अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनके पिता राज कुमार कारोबारी हैं, जबकि माता सरोज कुमारी गृहिणी हैं। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनने के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से रुठानी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भी शोक का माहौल है। ग्रामीण और परिचित शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
पूरा गांव सदमे में : प्रधान
नंधन पंचायत के प्रधान रवि कुमार ने अक्षय कुमार की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अक्षय भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार और पूरा गांव गहरे सदमे में है। जवान की पार्थिव देह को घर पहुंचाने में एक से दो दिन लग सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।