हिमाचल राज्य चयन आयोग ने असिस्टेंट स्टाफ नर्स भर्ती का परीक्षा परिणाम किया जारी, 11415 ने किया था आवेदन
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने असिस्टेंट स्टाफ नर्स के 780 पदों के लिए आयोजित टैबलेट बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है।

हिमाचल राज्य चयन आयोग का हमीरपुर स्थित परिसर। जागरण आर्काइव
HighLights
एचपीआरसीए ने असिस्टेंट स्टाफ नर्स भर्ती परिणाम घोषित किया।
780 पदों के लिए 1849 उम्मीदवार वेरिफिकेशन हेतु चयनित।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 6 नवंबर से होगा शुरू।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्वास्थ्य शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में असिस्टेंट स्टाफ नर्स के 780 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित टैबलेट बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (टीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। पोस्ट कोड-26044 के तहत ये पद फिक्स मानदेय पर भरे जाने हैं। राज्य चयन आयोग ने इन पदों के लिए आयोजित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है।
परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि भर्ती के लिए 11,415 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था और 9983 ने टीबीटी दिया।
1849 अभ्यर्थियों की होगी वेरिफिकेशन
उत्तीर्ण 1849 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा, जो 6 नवंबर से शुरू होगा। इसका शेड्यूल अलग से तय कर उम्मीदवारों को ईमेल से सूचित किया जाएगा। अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे।
ये दस्तावेज लाने होंगे साथ
उम्मीदवारों को वेरिफिकेशन के समय सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, सेल्फ अटेस्टेड फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोडेड कॉपी और आईडी प्रूफ लाना होगा। तय तारीख पर अनुपस्थित उम्मीदवार को दूसरा अवसर नहीं मिलेगा।