हिमाचल: राज्य चयन आयोग हमीरपुर में होंगी अब कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं, नकल या पेपर लीक की नहीं रहेगी गुंजाइश
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर में अब कंप्यूटर आधारित प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करेगा। इसका उद्देश्य नकल और पेपर लीक को रोकना है। प्रारंभिक चरण में जनवरी तक 200 कंप्यूटर वाले दो केंद्र शुरू होंगे, जहां प्रतिदिन 675 अभ्यर्थी परीक्षा दे सकेंगे। बाद में, 2000 कंप्यूटर वाला एक बड़ा चार मंजिला केंद्र बनेगा, जिससे प्रतिदिन 6000 अभ्यर्थी परीक्षा दे पाएंगे। पहले चरण के लिए सरकार ने 56 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है।

हिमाचल में अब कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं राज्य चयन आयोग हमीरपुर परिसर में ही होंगी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हमीरपुर में अब सरकारी कंप्यूटर आधारित प्रतियोगी परीक्षाएं होंगी।
नकल, पेपर लीक रोकने को आधुनिक उपकरण स्थापित होंगे।
दो चरणों में 200 से 2000 कंप्यूटर केंद्र बनेंगे।
रणवीर ठाकुर, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में कंप्यूटर आधारित प्रतियोगी परीक्षाएं अब सरकारी स्तर पर हमीरपुर में होंगी। इनके लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य शुरू हो गया है। प्रारंभिक चरण में दो केंद्र प्रथम तल पर स्थापित करने का कार्य शुरू हो गया है। जनवरी से इन दोनों केंद्र को परीक्षाओं के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
इसके बाद फिर आयोग के परिसर में चार मंजिला भवन बनाया जाएगा, जहां बड़े स्तर का परीक्षा केंद्र स्थापित होगा। प्रदेश सरकार ने यहां 200 कंप्यूटर देने को स्वीकृति दे दी है। इसके अलावा करीब 56 लाख का बजट भी जारी हो गया है।
अब नकल या पेपर लीक की नहीं होगी गुंजाइश
परीक्षाओं में किसी तरह की भी नकल या पेपर लीक मामलों की गुंजाइश न रहे, इसके लिए आधुनिक उपकरण यहां स्थापित होंगे। अब तक कंप्यूटर बेसड प्रतियोगी परीक्षाएं कंपनियों के माध्यम से स्कूलों में होती रही हैं।
200 कंप्यूटर स्थापित होंगे
प्रारंभिक चरण में दो परीक्षा केंद्र आयोग के भवन में बनाए जा रहे हैं। इस माह तक इनका कार्य पूरा हो जाएगा। यहां 200 कंप्यूटर सरकार स्थापित करवाएगी और कंप्यूटर बेस्ड राष्ट्रीय और प्रदेशस्तरीय परीक्षाएं होंगी। इन केंद्र में 226 कंप्यूटर स्थापित होंगे और 10 प्रतिशत यानी 24 कंप्यूटर रिजर्व रखे जाएंगे, ताकि कोई खराब होने पर उपयोग में लाए जा सके।
एक दिन में तीन शिफ्ट में 675 अभ्यर्थी प्रतियोगी परीक्षाएं दे सकेंगे। इन दो केंद्र को अगले माह से शुरू कर दिया जाएगा।
2000 कंप्यूटर स्थापित होंगे
इसके बाद फिर परिसर में बड़ा भवन बनाया जाएगा। इस भवन में 2000 कंप्यूटर स्थापित किए जाएंगे। एक दिन में तीन शिफ्ट में 6000 अभ्यर्थी परीक्षा दे सकेंगे। इसके लिए भूमि फाइनल होने के बाद प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार हो रही है।
क्या कहते हैं सचिव
परीक्षा सेंटर स्थापित करने के लिए आयोग के एक तल में कार्य शुरू कर दिया गया है। अगले माह तक इन दो केंद्र को शुरू कर दिया जाएगा। इसमें तीन शिफ्ट में 675 अभ्यर्थी परीक्षा दे सकेंगे। दूसरे चरण में अलग से केंद्र के लिए भवन बनेगा। इस केंद्र में 2000 कंप्यूटर लगेंगे और एक दिन में तीन शिफ्ट में 6000 अभ्यर्थी परीक्षा दे पाएंगे।
-डा. विक्रम महाजन, सचिव हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग।
यह भी पढ़ें: हिमाचल सरकार का बड़ा निर्णय, पद रिक्त तो किसी भी कॉलेज में लग सकती है पढ़ाने की ड्यूटी; 14 से 16 घंटे पढ़ाना अनिवार्य
यह भी पढ़ें: सोलन अग्निकांड: राख और मलबे के ढेर में जिंदगी की तलाश, डेढ़ साल के मासूम सहित 7 लोग लापता; NDRF व डॉग स्क्वॉड जुटी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।